भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पटना की यह महारैली महाशक्ति का अनुष्ठान है। उन्होंने कहा कि देश में बिहार के बगैर बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने इस रैली के माध्यम से कांग्रेस और जनता दल (युनाइटेड) पर जमकर निशाना साधा और यादव व अल्पसंयक वोटरों को रिझाने की कोशिश भी की। पटना के गांधी मैदान में रविवार को आयोजित 'हुंकार रैली' में आए लोगों को सबसे पहले भोजपुरी भाषा में संबोधित किया। उन्होंने बिहार की राजनीति को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि बिहार में ज्ञान की जगह नालंदा और विक्रमशिला है तो रामायण की सीता की भी यह धरती है। महाभारत का कर्ण यहां है तो चंद्रगुप्त मौर्य का प्रेरणादायक राज यही था। वैशाली गणतंत्र का सिरमौर रहा तो अशोक जैसे सम्राट भी इसी धरती पर हुए।
मोदी ने कहा कि बिहार से परिवर्तन के बिना देश में परिवर्तन नहीं होगा। जब भी देश को जरूरत हुई है बिहार ने उसे पूरा किया है। देश को जब बुद्ध की जरूरत थी तब बुद्ध दिया, जब महावीर की जरूरत थी तब महावीर दिया और जब आधुनिक भारत में लोकतंत्र समाप्त होने के कगार पर था तब जय प्रकाश नारायण दिया।उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपना मित्र बताते हुए कहा कि लोग आज पूछते हैं कि उन्होंने भाजपा को क्यों छोड़ दिया? मोदी ने इसके जवाब में कहा कि खुद को जेपी का चेला बताने वालों ने जब जेपी को छोड़ दिया तब बीजेपी क्या चीज है।मोदी ने कहा कि जेपी और लोहिया की आत्मा ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा, "प्रधानमंत्री जब मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाते हैं तो इस दौरान भोजन भी होता है। खाने के दौरान कोई खाना नहीं खा रहा था, तब मैंने कहा कि कैमरा वाला नहीं है खाना खा लो, 'हिप्पोक्रेसी' की भी हद होती है। उन्होंने भाजपा को त्याग वाली पार्टी बताते हुए कहा कि अधिक विधायक होने के बाावजूद दूसरे दल के नेता को मुख्यमंत्री बनाया गया।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू के बारे में उन्होंने कहा कि लालू उन्हें हर मौके पर गाली देते रहते हैं। परंतु पिछले दिनों जब उनके साथ दुर्घटना घटी थी तब हालचाल के लिए मैंने फोन किया था।
मोदी ने कहा कि यदुवंशियों से हमारा नाता है, आपके राजा कृष्ण द्वारका में बसे हैं। उन्होंने जनता से कहा कि आपकी चिंता करने का काम मैं अपने ऊपर लेता हूं।
मोदी ने नीतीश पर भड़ास निकालते हुए कहा कि उनके चेले चपाटों ने कहा कि कांग्रेस से जुड़ जाओ प्रधानमंत्री बन जाओगे और वे जुड़ गए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि विश्वासघात करने वालों को सजा देने का वक्त आ गया है। आप ऐसे विश्वासघाती लोगों को उखाड़ फेकेंगे।मोदी ने लोकतंत्र का पाठ भी पढ़ाया और कहा कि वंशवाद, जातिवाद का जहर, अवसरवाद और संप्रदायवाद लोकतंत्र के चार दुश्मन हैं और ये चारों केंद्र और बिहार सरकार में समा गए हैं। मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को शाहजादा कहने पर कांग्रेस वाले नाराज हैं। उन्होंने कहा कि अगर आपको शाहजादा कहने पर बुरा लगता है तो देश को वंशवाद का बढ़ावा बुरा लगता है। उन्होंने कहा कि आप वंशवाद छोड़ दें मैं शाहजादा कहना छोड़ दूंगा।मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने के लिए मोदी ने अपने अंदाज में रैली में अपील की। उन्होंने हिंदुओं से सवाल किया, "क्या हिंदू गरीबी से लड़ना चाहते हैं या मुसलमानों से?"इसी तरह का सवाल मोदी ने मुसलमानों से भी किया। मोदी ने खुद ही इस सवाल जवाब भी दिया और कहा कि दोनों समुदायों को गरीबी से लड़ने की जरूरत है।मोदी ने कहा कि देश के आर्थिक संकट का एकमात्र हल है-विकास, विकास, विकास। मोदी ने कहा कि गुजरात का सर्वाधिक विकास कच्छ और भरूच जिलों में हो रहा है, जहां पर मुस्लिमों की आबादी सर्वाधिक है।