प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यहां मेघालय में खासी हैरिटेज गांव का दौरा किया और खासी - जयंतिया जनजाति की समृद्ध सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत का ज्ञान भी हासिल किया। केवल यहीं नहीं, मोदी ने पारंपरिक खासी ड्रम भी बजाया। पवित्र उपवनों के बगल में स्थित मौफलांग गांव का दौरा करने से पहले प्रधानमंत्री ने शिलांग के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक 'एलिफेंट फॉल्स' का दौरा किया। मौफलांग गांव, मेघालय की राजधानी शिलांग से 25 किलोमीटर दूर पूर्वी खासी हिल्स जिले में स्थित है। मोदी, मौफलांग गांव का दौरा करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने यहां खासी हैरिटेज गांव में पारंपरिक वेशभूषा पहने और खासी-जयंतिया जनजाति की संस्कृति को दर्शाने वाले युवाओं और महिलाओं से बातचीत की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कुछ पारंपरिक संगीत वाद्ययंत्रों को भी बजाया और एक पुरुष से पारंपरिक खासी ड्रम को बजाने का तरीका भी सीखा।मौफलांग गांव के एक निवासी सारा वांखार ने आईएएनएस से कहा, "हमारे प्रधानमंत्री को हमारे गांव का दौरा करते देखना काफी सुखद था। वह हमारी संस्कृति को जानने और हमारे का बोम (पारंपरिक ड्रम) को बजाने के तरीके सीखने के इच्छुक थे।"वांखार ने कहा, "इससे पहले, उन्होंने पीने के पानी और स्वच्छता के संदर्भ में जानकारी के लिए अपने मंत्री राम कृपाल यादव को हमारे गांव भेजा था और अब वह स्वयं यहां आए।"मोदी ने न केवल पारंपरिक ड्रम बजाया, बल्कि पारंपरिक खासी संस्कृति को दर्शाने वाले घरों में भी प्रवेश किया और कुछ समय भी बिताया।
हिमा मौफलांग के पारंपरिक प्रमुख एन.के. लिंगदोह ने कहा, "हमारे गांव में प्रधानमंत्री का यह छोटा-सा दौरा भी यहां के लोगों को हमेशा याद रहेगा।"लिंगदोह ने कहा, "हालांकि, उन्होंने हमारे पारंपरिक बाग के भीतर प्रवेश नहीं किया, लेकिन उन्होंने इसे बनाए रखने वालों की काफी प्रशंसा की।"मोदी शुक्रवार को मेघालय पहुंचे और उन्होंने शिलांग में पूर्वोत्तर परिषद के 65वें सामान्य सत्र को संबोधित किया, जिसमें आठ पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल हुए थे। प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही तीन नई रेलगाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और शिलांग के पोलो ग्राउंड में आयोजित जनसमारोह में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अम्पाती स्टेडियम का शिलान्यास किया।