जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (जेएनयूएसयू) के अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि सरकार को जुमलेबाजी बंद कर काम शुरू करना चाहिए, क्योंकि जनता का धर्य अब जवाब दे रहा है। यहां तिलक नगर में विद्यार्थियों की एक रैली को संबोधित करते हुए कन्हैया ने कहा कि जनता स्टैंड-अप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया जैसे जुमले और झूठे वादे तथा सांप्रदायिक-जातिवादी राजनीति नहीं चाहती, बल्कि वह शिक्षा, रोजगार, और विकास चाहती है।
कन्हैया ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अपने भाषण में कहा, "हमारी राजनीति सामाजिक न्याय की है, देश की आम जनता की मदद करने की है। देश के विद्यार्थी और श्रमिक एकजुट हो रहे हैं। इसलिए मोदी सरकार इतना डरी हुई है।"कन्हैया ने आरएसएस द्वारा प्रेरित जातिवादी राजनीति के पूर्ण सफाए की मांग की और कहा कि उनका संघर्ष लोकतंत्र को बचाने और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने तथा सशक्तीकरण को लेकर है।उन्होंने कहा, "जनता आखिर कब तक पीड़ित होगी?.. सूर्योदय होकर रहेगा।"कन्हैया यहां वामपंथी, छात्र एवं युवा संगठनों की ओर से आयोजित एक शैक्षिक सम्मेलन में हिस्सा लेने आए हुए थे। इसके बाद रविवार को वह पुणे में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।