आयुर्वेद व सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य के दूरदराज गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए कृतसंकल्प है तथा इस दिशा में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वे आज बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दूरदराज क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे के दौरान निहारनी में सुगाड़-शक्ति-मरोडा संपर्क सड़क का भूमिपूजन करके के उपरांत लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जाएगा ताकि इन दूरदराज गावों के लोगों को संपर्क सड़क से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क के अंर्तगत आने के बावजूद भी यहां सड़क निर्माण किया जा रहा है जिसका श्रेय मुख्यमंत्री के अथक प्रयासों को जाता है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है तथा लोगों को संपर्क सड़कों के निर्माण को आगे आकर भूमि दान करनी चाहिए। उन्होंने चेंग गांव के तेजा सिंह व दुनीचंद का संपर्क मार्ग बनाने के लिए भूमि दान करने के लिए स्थानीय लोगों की ओर से आभार प्रकट किया। उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों से भी अपील की कि वे संपर्क सड़क के लिए स्वेच्छा से स्वेच्छा दान करें।
स्थानीय लोगों की समस्याओं का निराकरण करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि पंडित दीन दयाल विद्युत योजना के तहत शक्ति, सुगाड़, मरोड गांवों में विद्युत लाइनें बिछाकार यहां पर बिजली की उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला मंझां को मिडल से हाई स्कूल स्तरोन्नत करने को कहा तथा जिसमें इसी सत्र से कक्षाएं आरंभ कर दी जाएंगी। उन्होंने आईपीएच विभाग को निर्देश दिए कि वाहाआ, चैंगा तथा दूरदराज गांवों में पेयजल व सिंचाई की उचित व्यवस्स्था करें तथा खाली टेंकों को शीघ्र भरें। उन्होंने कहा कि चेंगा उपस्वास्थ्य केंद्र को भूस्खलन के कारण वाहाआ में स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य भवन के आसपास सराय भवन का निर्माण किया जाएगा ताकि लोगों को ठहरने की उचित व्यवस्था मिल सके।सैंज नदी पर बने चेंगा और डेंगा पुल की खस्ताहालत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कर्ण सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसकी मरम्मत शीघ्र सुनिश्चित करवाएं ताकि लोगों को असुविधा न हो।इस अवसर पर एसडीएम बंजार अश्वनी कुमार, सहायक पंजीयक कुल्लू चेतन सिंह, बीडीओ बंजार दौलतराम ठाकुर, बंजार ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल ठाकुर, पंचायत प्रधान भागचंद, कांग्रेस नेता मोहर सिंह, आरओ वन विभाग तथा अन्य विभागें के अधिकारी मौजूद थे।