पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल द्वारा अपनी पत्नी एवं केंद्रीय फूड प्रोसैसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल को 12 करोड़ की कीमत का तोहफा दिये जाने पर भडक़ी आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि बादल परिवार अपने सभी बिजनेस और कारोबार की जानकारी देकर समूची आमदनी पर श्वेत-पत्र (व्हाइट पेपर) जारी करें।‘आप’ के वरिष्ठ नेता एवं लीगल सैल के चेयरमैन हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि बादल परिवार का कितनी तेजी से विकास हो रहा है, सुखबीर बादल द्वारा अपनी पत्नी को 12 करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति और शेयरों का तोहफा उसका छोटी झलकी है। जिससे एक साल में हरसिमरत कौर बादल की संपत्ति वृद्धि दर नरेंद्र मोदी सरकार के सभी मंत्रियों से ज्यादा रही। शेरगिल ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यलय को पिछले साल दी गई जानकारी में हरसिमरत कौर बादल ने अपनी कुल संपत्ति 12.81 करोड़ बताई थी, जो हाल ही दौरान दी गई जानकारी में 23. 93 करोड़ बताई है। इसकी अपनी पति सुखबीर सिंह बादल से ओरबिट रिजार्ट के 12 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर गिफ्ट के रूप में मिलना बताया गया है।शेरगिल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर बादलों द्वारा ‘राज नहीं सेवा’ के नाम पर सत्ता के दुरुपयोग, भ्रष्टाचार और ट्रांसपोर्ट समेत तरह-तरह के माफिया से जुटाई सारी काली कमाई का हिसाब लिया जायेगा।
उन्होंने कहा, पंजाब की जनता ने 2002 में कैप्टन अमरिंदर सिंह की बातों पर विश्वास करते हुये उन्हें पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब बनाने का मौका दिया था, लेकिन कैप्टन अमरिंदर व उसकी सरकार भी भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन से ग्रस्त सरकार साबित हुई। खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह पर अरबों रुपये के घोटालों के केस दर्ज हो गये और परिवार पर विदेशों में बैंक खातों के मामले सामने आये।शेरगिल ने कहा कि अब जब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है तो ‘आप’ के डर से भाजपा समेत बादल और कैप्टन अमरिंदर सिंह आज ‘चोर-चोर, मसेरे भाई’ बन गये हैं। जबकि आम आदमी पार्टी का सिद्धांत ना तो भ्रष्टाचार करना है और ना ही करने देना है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार जिंदा मिसाल है।शेरगिल ने कहा वह पंजाब के लोगों को बताएंगे बादल सरकार के दौरान जब आर्थिक तंगी से पंजाब का किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं, बेरोजगार युवा सडक़ों पर हैं, वृद्धा पेंशन व दलित छात्रों को वजीफे और कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दिया जा रहा, उस समय सुखबीर बादल अपनी हरसिमरत बादल को करोड़ों रुपये की कीमत के शेयर तोहफे के रूप में दे रहे थे। शेरगिल ने कहा कि ऐसा करके सुखबीर बादल ने दिखा दिया है कि जब रोम जल रहा था तो नीरो कैसे बंसरी बजा रहा होगा।