प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि आंध्र प्रदेश-तेलंगाना के विभाजन के दौरान जान और माल के नुकसान को देखकर उन्हें बहुत दुख पहुंचा था। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर राज्य का जल्दबाजी में विभाजन करने का आरोप लगाया। मोदी ने आंध्र की नई राजधानी अमरावती की आधारशिला रखने के बाद यहां कहा, "आंध्र और तेलंगाना का विभाजन जल्दबाजी में किया गया, बिना उचित विचार विमर्श के। लेकिन, मैं आज भी इस दौरान निर्दोष लोगों की मौत और संपत्ति को हुए नुकसान के लिए दुख महसूस करता हूं।"
प्रधानमंत्री की बातों का शहरी विकास मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने तेलुगू में अनुवाद किया। मोदी ने कहा, "ब्रिटिश शासन ने कुछ ऐसे काम किए थे, जो हमें आज भी परेशान करते हैं..पूर्ववर्ती सरकार ने भी ऐसा ही कुछ किया है..आंध्र और तेलंगाना के बीच हमेशा तनाव रहता है।"उन्होंने कहा, "चाहे आंध्र हो चाहे तेलंगाना, हमारी आत्मा तो तेलुगू है। दोनों राज्य तेलुगू आत्मा की दो शाखाएं हैं, दोनों राज्यों को फलना-फूलना चाहिए।"मोदी ने कहा, "अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में तीन राज्य विभाजित हुए, लेकिन कोई खून नहीं बहा। कोई बुरी भावना नहीं दिखी। मैं आंध्र और तेलंगाना के लिए भी ऐसा ही चाहता था।"