जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग जिले में अलगाववादी छापामारों द्वारा शनिवार को किए गए एक ग्रेनेड हमले में घायल पांच नागरिकों में से एक की अस्पताल में मौत हो गई है। मृतक की पहचान मुहम्मद जब्बार वागय के रूप में की गई है। अनंतनाग जिले में एक बस स्टैंड पर अलगाववादी छापामारों द्वारा ग्रेनेड फेंकने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) सहित पांच लोग घायल हो गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने यहां आईएएनएस को बताया कि आतंकवादियों ने अचबल बस स्टैंड पर ग्रेनेड फेंका, जिसमें सीआरपीएफ के एक जवान सहित छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।