केन्द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने यहां शुक्रवार को कहा कि उनके विचार से आगामी विधानसभा चुनाव के बाद बिहार में कोई ऊंची जाति का व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं बन सकता और न बनना चाहता है। पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश कुमार लालू के संगत में रहने के कारण अनाप-शनाप बोल रहे हैं। उन्होंने दोनों नेताओं पर बिहार में जातीय राजनीति करने और जाति के नाम पर समाज में घृणा पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "ऊंची जाति के लोग समाज में समरसता पैदा करने की कोशिश में लगे हैं, इस कारण लोगों को ऊंची जातियों की चिंता नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को मुजफ्फरपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली अभूतपूर्व होगी। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह द्वारा नरेन्द्र मोदी को अन्य पिछड़े वर्ग से आने वाले पहले प्रधानमंत्री बताए जाने के बाद लालू और नीतीश ने शाह की आलोचना करते हुए कहा था कि एच़ डी़ देवगौडा अन्य पिछड़ी जाति से आने वाले पहले प्रधानमंत्री थे।