केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी महिलाओं को 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने के खिलाफ थी, लेकिन उन्होंने अपने अधिकार का इस्तेमाल कर इसे पार्टी में लागू कराया। राजनाथ ने कहा, "भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद महिलाओं को पार्टी के भीतर 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने के लिए मैंने कदम उठाया था। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सभी सदस्य इसके खिलाफ थे, लेकिन मैंने अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर किसी तरह की वोटिंग नहीं होगी। इसको पार्टी के भीतर हर हाल में लागू किया जाएगा।"उन्होंने कहा कि आज देश में महिलाओं को जो प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, वह नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, "यह बात सही है कि संसद के भीतर और विधानसभाओं में महिलाओं को जिस तरह का प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, वह नहीं मिल पाया है।"राजनाथ ने अमीनाबाद महिला महाविद्यालय की 75वीं वर्षगांठ के दौरान आयोजित समारोह में बच्चों को सम्मानित करने के बाद यह बात कही। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की स्मारिका का भी विमोचन किया।राजनाथ अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार शाम असम से लखनऊ पहुंचे राजनाथ ने अपने सरकारी आवास पर सुबह कुछ कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। महिला डिग्री कॉलेज में आयोजित समारोह के बाद राजनाथ लखनऊ के बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। सम्मेलन अपराह्न् करीब चार बजे सरस्वती शिशु मंदिर निरालानगर में आयोजित है। राजनाथ रात्रि प्रवास लखनऊ में ही करेंगे।