सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर आज हरियाणा के मुख्यमन्त्री मनोहर लाल को हरियाणा राज्य सैनिक बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) एस सी रांगी, सेना मैडल, विशिष्ट सेवा मैडल द्वारा झण्डा लगाया गया और मुख्यमन्त्री ने उदारता से दानपेटी में कुछ राशि भी दान की।ब्रिगेडियर रांगी ने बताया कि सशस्त्र सेना झण्डा दिवस की शुरूआत द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद 7 दिसम्बर 1949 को की गई थी। उन्होंने बताया कि झण्डा दिवस पूरे देश में मनाया जाता है तथा इस दिन राज्यों के सैनिक बोर्डों के कर्मचारियों द्वारा लोगों को झण्डे लगाए जाते हैं और उदारता से दान करने को कहा जाता है। एकत्रित राशि का उपयोग सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों, उनके परिवार के आश्रितों, वीर वीरांगनाओं तथा अनाथ बच्चों के कल्याण के लिये किया जाता है। उन्होंने बताया कि एकत्रित राशि में से कुछ राशि केन्द्रीय सैनिक बोर्ड को भेजी जाती है तथा शेष राशि राज्य सैनिक बोर्डों द्वारा सैनिकों के कल्याण के लिये खर्च की जाती है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मन्त्री अनिल विज, मुख्यमन्त्री के प्रधान सचिव संजीव कौशल, अतिरिक्त प्रधान सचिव श्रीमती सुमिता मिश्रा व डॉ० राकेश गुप्ता तथा राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियों को भी झण्डा लगाया गया।उल्लेखनीय है कि ब्रिगेडियर रांगी ने 26/11 को मुम्बई में ताज होटल में हुए आतंकवादी हमले के दौरान सेना द्वारा किये गए ऑपरेशन की कमाण्ड की थी और उन्हें सेना मैडल से सम्मानित किया गया था। ब्रिगेडियर रांगी को 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भी उनके अदम्य साहस एवं पराक्रमता व युद्ध में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिये विशिष्ट सेवा मैडल प्रदान किया गया था।