हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि झज्जर और बहादुरगढ़ शहरों में हाईटेंशन लाइन की समस्या को शीघ्र दूर किया जाएगा। इस परियोजना पर चार करोड़ रुपए खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने आज यह बात झज्जर के लघु सचिवालय में जनसमस्याएं सुनने के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री बनने के बाद मनोहर लाल मंगलवार को अपने पहले आधिकारिक दौरे पर झज्जर पहुंचे। जनसमस्याएं सुनने से पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा में नई सरकार के गठन के बाद भले ही वह पहली बार झज्जर आए हों लेकिन पिछले 34 वर्षों के उनके सार्वजनिक जीवन में कई बार झज्जर आना हुआ है। उस समय संगठन के काम-काज या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों की वजह से वे झज्जर के गांव-गांव और गली-गली से परिचित हैं। हरियाणा में नई सरकार के कार्यकाल को एक महीना और छह दिन पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों को पारदर्शी तथा भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था, युवकों को रोजगार, पिछड़े व गरीब लोगों की सेवा और महिलाओं की सुरक्षा उनकी सरकार की प्राथमिकताएं हैं।
मनोहर लाल ने कहा कि हर जिले में सीएम विंडो स्थापित करने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। हरियाणा का कोई भी नागरिक अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक या गांव से जुड़ी कोई भी समस्या इस विंडो पर बता सकता है। इस विंडो पर आने वाली समस्याएं उनके पास चण्डीगढ़ पहुंच जाएंगी। इससे लोगों के समय और चण्डीगढ़ जाने के लिए होने वाले अनावश्यक खर्च की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा। लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था बनाई जा रही है ताकि लोगों की कठिनाइयों का शीघ्रता से समाधान हो सके। झज्जर जिले का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था, पेयजल और सिंचाई के इंतजामों पर चिंता जताते हुए कहा कि लोगों को भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था दुरुस्त बनाने के आदेश दिए गए हैं। नहरों के आखिरी छोर तक और लोगों के घर तक पीने का पानी उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने झज्जर जिले के लोगों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
कृषि एवं सिंचाई मंत्री श्री ओमप्रकाश धनखड़ ने झज्जर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और हर जिले में लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोगों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने के लिए मुख्यमंत्री का संकल्प है -‘ना खाएंगे और ना खाने देंगे’। बहादुरगढ़ से भाजपा विधायक श्री नरेश कौशिक ने मुख्यमंत्री के सम्मुख अपने क्षेत्र के विकास के लिए कई सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि सरकार विकास की नई सोच के साथ आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री जवाहर यादव, रोहतक मंडल के आयुक्त श्री राजीव रंजन, आईजी श्री आलोक कुमार रॉय, उपायुक्त डा. अंशज सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश दुग्गल, अतिरिक्त उपायुक्त श्री पुष्पेंद्र सिंह, उपमण्डल अधिकारी(ना) झज्जर सुश्री आशिमा सांगवान, उपमण्डल अधिकारी(ना.) बहादुरगढ़ श्री अमरदीप जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।