उपायुक्त आशीष सिंहमार ने शुक्रवार को जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया तथा पाठकों के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया गया। इस अवसर पर एसडीएम सतीश शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा आरसी तबलियाल भी उनके साथ मौजूद थे। उपायुक्त आशीष सिंहमार ने कहा कि जिला पुस्तकालय में पाठकों के बैठने के लिए एक अतिरिक्त हॉल शीघ्र ही उपलब्ध करवा दिया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा पाठकों को जिला पुस्तकालय का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालयों का अपना एक महत्व है जिससे सैकड़ों लोग जुड़े होते हैं तथा पुस्तकालयों में पाठकों के बैठने का उचित प्रबंध तथा बेहतर माहौल उपलब्ध करवाया जाना अत्यंत आवश्यक है जिसके चलते ही जिला पुस्तकालय हमीरपुर के लिए एक अतिरिक्त हॉल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि किताबों का जीवन में अत्यंत महत्व है तथा युवा पीढ़ी को पुस्तकालयों से जुड़ना चाहिए तथा प्रतिदिन कम से कम एक से लेकर दो घंटे तक विभिन्न विषयों से संबंधित किताबों का अध्ययन करना चाहिए ताकि उनके जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन हो सके और ज्ञान में बढ़ोतरी हो सके।उपायुक्त ने जिला पुस्तकालय के अधिकारियों को भी निर्देश देते हुए कहा कि पुस्तकालय में पाठकों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था तथा अन्य बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध करवाएं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग पुस्तकालय का लाभ उठा सकें।