इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं ऐलनाबाद के विधायक चौधरी अभय सिंह चौटाला शनिवार 27 सितम्बर को अपने हलके ऐलनाबाद में एक रोड शो करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके अलावा डबवाली से इनेलो प्रत्याशी श्रीमती नैना सिंह भी नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन 27 सितम्बर को इनेलो के वरिष्ठ नेता चौधरी अभय सिंह चौटाला, इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला, पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। पार्टी के करीब तीन दर्जन अन्य उम्मीदवार भी शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा सहित करीब चार दर्जन उम्मीदवारों ने शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र के समय पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उनके साथ मौजूद रहेंगे। हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला शनिवार को झज्जर, बादली, हिसार, नलवा, आदमपुर व बरवाला के पार्टी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के समय उनके साथ मौजूद रहेंगे।