फेडरेशन कप : ललिता बाबर, प्रजुशा ने किया शानदार प्रदर्शन
Web Admin
5 दरिया न्यूज
पटियाला , 18 Aug 2014
Last updated on: Aug 18, 2014, 00:00 IST
फेडरेशन कप राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के समापन से एक दिन पूर्व सोमवार को 3000 मीटर बाधा दौड़ के महिला वर्ग में मैराथन धाविका महाराष्ट्र की ललिता बाबर और एशियाई चैम्पियन उत्तर प्रदेश की सुधा सिंह के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। ललिता ने 9:52.34 सेकेंड समय के साथ स्पर्धा जीत ली, जबकि सुधा 9:53.54 सेकेंड समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दोनों ही खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के लिए भी क्वालीफाई कर लिया। ललिता शुरुआती तीन लैप में सबसे आगे रहीं और आखिरी लैप में सुधा सिर्फ कुछ देर के लिए बढ़त ले पाईं। सुधा चार वर्ष पहले चीन के क्वांगचो में हुए एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किए गए स्पर्धा की विजेता हैं। दूसरी ओर पुरुषों की 3000 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा बड़ा ही नाटकीय रहा। 8:46.16 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान पाने वाले हरियाणा के नवीन को रेस समाप्त होने के तुरंत बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया। नवीन को असम के धावक आशीष से 'सहायता' मिलने के आधार पर अयोग्य घोषित किया गया था। हालांकि निर्णायक मंडल ने नवीन को पुन: विजेता घोषित कर दिया। जयवीर ने 8:53.36 सेकेंड समय के साथ दूसरा और सीमा सुरक्षा बल के मंजू ने 8:54.43 सेकेंड समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। तिहरी कूद में केरल की एम. पी. प्रजुशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रजुशा ने 13.39 मीटर दूरी हासिल की, जो एशियाई खेलों के लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा निर्धारित मानक के ठीक बराबर है। इससे पहले प्रजुशा ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता था।