प्रैस क्लब ऊना ने चंबा के डीसी संदीप कदम को सम्मानित किया
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
ऊना , 24 Feb 2013
Last updated on: Feb 24, 2013, 00:00 IST
ऊना से चंबा स्थानांतरित होकर गए उपायुक्त संदीप कदम के सम्मान में गत रात्रि प्रैस क्लब ऊना द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रैस क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने संदीप कदम के ऊना में बतौर उपायुक्त चार माह के कार्यकाल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें क्लब की ओर से सम्मानित किया। संदीप कदम ने अपने संबोधन में कहा कि ऊना जिला की जनता और मीडिया ने उनके इस जिला में अल्प कार्यकाल के दौरान जो स्नेह व सम्मान उन्हें प्रदान किया, उसे वे हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऊना जिला के लोग न केवल प्रगतिशील हैं, बल्कि जिंदादिल और अच्छे मेहमाननवाज भी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने चार माह के कार्यकाल के दौरान यहां बहुत कुछ सीखने का मौका मिला है और वह यहां से मधुर स्मृतियां लेकर गए है। उन्होंने ऊना के प्रैस क्लब द्वारा सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों के प्रचार व प्रसार में प्रशासन को सहयोग देने के साथ-साथ उन्हें व्यक्तिगत तौर पर अपने सुझाव प्रदान करने के लिए क्लब के सदस्यों को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऊना प्रैस क्लब में हमेशा निष्पक्ष व सांतुलित पत्रकारिता का ध्वज बुंलद किया है और इस प्रैस क्लब की पूरे प्रदेश में अपनी एक विशिष्ट पहचान व साख है। इस अवसर पर क्लब के संरक्षक कंवर हरिसिंह, विनोद लखनपाल, महासचिव जितेंद्र कंवर समेत क्लब के तमाम पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।