पालकवाह जिला परिषद वार्ड के गांवों में मुकेश अग्रिहोत्री का भव्य स्वागत
हरोली में स्वास्थ्य व शिक्षा संस्थानों में रिक्त पद भरे जाएंगे, अफसरों को फील्ड में डट जाने के आदेश
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
ऊना , 14 Jan 2013
Last updated on: Jan 14, 2013, 00:00 IST
उद्योग, सूचना व जन सम्पर्क मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री का हरोली विधानसभा क्षेत्र के चार दिवसीय दौरे के तीसरे दिन आज पालकवाह जिला परिषद के तहत पड़ने वाले गांवों - पालकवाह, चंदपुर, कलैहड़ा, पूबोवाल, ठाकरां, बीलना, कुठारबीत, कर्मपुर, हीरां, कुगड़त, दुलैहड़, गोंदपुर बुलां व गोंदपुर जयचंद में भव्य स्वागत हुआ। बाद में गोंदपुर जयचंद में विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने एलान किया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य संस्थानों को सुदृढ़ किया जाएगा और इनमें रिक्त पड़े पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि अफसरशाही को जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जाएगा और गरीब व आम आदमी को अपनी समस्याएं लेकर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने अफसरों को जनता की सेवा के लिए फील्ड में डट जाने के निर्देश दिए और साफ शब्दों में कहा कि फील्ड की परफोरमैंस के आधार पर अफसरों और कर्मचारियों का मूल्यांकन होगा। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हरोली की जनता को स्वच्छ, पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन मुहैया करवाया जाएगा और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरोली इलाके की जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी शिकायतों पर कार्रवाई करने के लिए उन्होंने एक विशेष सैल स्थापित करके 6 कर्मचारियों की अलग से तैनाती की है जो हर शिकायत का हिसाब-किताब भी रखेंगे और शिकायतों पर हुई कार्रवाई से लोगों को अवगत भी करवाएंगे। उन्होंने कहा कि हरोली में सभी विभागों को चुस्त-दुरूस्त किया जाएगा और जहां खाली पदों की वजह से कार्य प्रभावित हो रहा होगा, वहां कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों की प्यास बुझाकर उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ करना उनका सर्वोच्च अजेन्डा है और इस अजेन्डे पर तेजी से अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पांच साल तक उपेक्षित रहे हरोली विधानसभा क्षेत्र में अब सड़कें भी चकाचक होंगी और खड्डों के चैनलाईजेशन की प्रक्रिया भी तेज होगी।
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को ओद्यौगिक हब बनाने के साथ-साथ हरोली विधानसभा क्षेत्र में चारों दिशाओं में नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस इलाके में नई इंडस्ट्री लाने के लिए संबंधित विभाग के अघिकारियों को पड़ोसी राज्यों के उद्यमियों से संपर्क साधने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में टाहलीवाल ओद्यौगिक क्षेत्र को सारी आधारभूत सुविधाओं से लैस करने के अलावा नए ओद्यौगिक क्षेत्र विकसित करके वहां भी उद्योग स्थापित किए जाएंगे ताकि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अधिकाधिक अवसर सृजित किए जा सकें। उन्होंने बीत ऐरिया सिंचाई योजना को ठंडे बस्ते से निकालकर अमली जामा पहनाए जाने का एलान भी किया ताकि बीत क्षेत्र में खुशहाली के एक नए दौर का सूत्रपात हो सके।
जनसभा को एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, ब्लॉक कांगे्रस के अध्यक्ष राणा रंजीत सिंह और जिला परिषद सदस्य अमनदीप मोनी सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। जिला परिषद व स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधियों ने उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री व एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा को इस अवसर पर सम्मानित भी किया
इस अवसर पर गढ़शंकर के पूर्व विधायक लव कुमार गोल्डी, एसडीएम नरेश ठाकुर और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा डॉ राकेश अग्रिहोत्री, डॉ सुनीता अग्रिहोत्री, सुमन शर्मा, बृज शर्मा, शीला पाठक, गोंदपुर बलां के प्रधान सतीश बिट्टू, गोंदपुर जयचंद की प्रधान मीना देवी, जिला महिला कांगे्रस की अध्यक्षा सुरेखा राणा, गोंदपुर जयचंद के वरिष्ठ कांगे्रस नेता मास्टर राजकुमार, दुलैहड़ के प्रधान योगराज, बाथरी के उपप्रधान बलबीर सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य एडवोकेट धर्मसिंह चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।