प्रेस क्लब के अभिनंदन समारोह में बोले मुकेश अग्रिहोत्री
ऊना प्रेस क्लब के भवन निर्माण में सरकार पूरा सहयोग देगी, ऊना जिला को बनायेंगे विकास का मॉडल , मीडिया के सुझावों का होगा स्वागत
Web Admin
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
ऊना , 05 Jan 2013
Last updated on: Jan 05, 2013, 00:00 IST
ऊना प्रेस क्लब ने हमेशा निष्पक्ष , स्वतंत्र व निर्भीक पत्रकारिता का झंडा बुलंद किया है और प्रदेश सरकार यहां प्रेस क्लब के भवन निर्माण और इसे मीडिया की तमाम सुविधाओं से लैस करने में पूरा सहयोग देगी। यह उद्गार उद्योग, श्रम व रोजगार, संसदीय मामले एवं सूचना व जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने शुक्रवार रात्रि स्थानीय माया होटल में उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। इस कार्यकम में डीसी संदीप कदम, एसपी रविन्द्र शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेन्द्र धर्माणी, एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, डा. सिम्मी अग्रिहोत्री, एएसपी राकेश सिंह, प्रेस क्लब के संरक्षक कंवर हरि सिंह व विनोद लखनपाल व डा. राकेश अग्रिहोत्री सहित अनेक गणमान्य लोग व प्रेस क्लब के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के सलाहकार राजेश शर्मा ने किया।
इस कार्यक्रम में मुकेश अग्रिहोत्री अपने पत्रकारिता के दिनों की यादों में खो गए और उन्होंने विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में पत्रकार के रूप में अपने अनुभव भी सांझा किए। उन्होंने ऊना प्रेस क्लब की इस बात के लिए सराहना की कि इसने पत्रकारिता के सर्वोच्च मूल्यों को तरजीह देते हुए हमेशा निर्भीक पत्रकारिता का ध्वज बुलंद किया है । उन्होंने कहा कि ऊना प्रेस क्लब के अधिकतर लोग उनके पुराने साथी हैं और उनकी क्षमताओं व लेखनी की प्रखरता से वह भली भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनके एक दशक के सफर के दौरान उन्हें ऊना प्रेस क्लब से कभी शिकायत नहीं हुई और यहां के मीडिया ने भी कभी उन्हें शिकायत का मौका नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने तीन विधानसभा लड़े व जीते और ना के मीडिया ने कभी भी उनसे ज्यादती नहीं की। उन्होंने कहा ऊना प्रेस क्लब ने उनके सम्मान में जो अभिनंदन समारोह आयोजित किया है, उसके लिए वह प्रेस क्लब के आभारी हैं।
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि आज पत्रकारिता का फलक भी बदला है और इस क्षेत्र में चुनौतियां भी बढ़ी हैं। पहले अखबारों के सिंगल एडीशन होते थे और इलैक्ट्रानिक चैनल भी गिने चुने थे लेकिन अब प्रिंट व इलैक्ट्रानिक मीडिया में नई क्रांति आने से मीडिया कर्मियों की संख्या भी बढ़ी है और पाठकों व दर्शकों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उन्हें स्वतंत्र रूप से सूचना व जनसंपर्क जैसा अहम महकमा दिया है जो पत्रकारों से जुड़ा है और इस महकमे के प्रभारी होने के नाते वह पत्रकारों की समस्याओं के निराकरण को हमेशा प्राथमिकता देंगे। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे इस विभाग को हाईटैक करने के लिए अपने अमूल्य सुझाव सरकार को दें । उन्होंने कहा कि सरकार इन सुझावों का भरपूर स्वागत करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के प्रचार व प्रसार में मीडिया का रोल हमेशा महत्वपूर्ण रहता है और कांग्रेस सरकार ने हमेशा मीडिया के साथ मधुर संबंध कायम रखने को तरजीह दी है।
मुकेश अग्रिहोत्री ने इस अवसर पर जिला ऊना के लिए अपना एजेंडा और प्राथमिकताएं भी मीडिया कर्मियों से सांझा की। उन्होंने कहा कि ऊना जिला को विकास का मॉडल बनाया जायेगा और विकास के नए आयाम स्थापित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि ऊना प्रेस क्लब के भवन के निर्माण में पूरा सहयोग तो दिया ही जायेगा, साथ ही इसे मीडिया की अत्याधुनिक सुविधाओं से भी लैस किया जायेगा।
इससे पूर्व प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने मुकेश अग्रिहोत्री का स्वागत करतेहुए कहा कि उनके काबीना मंत्री बनने से ऊना जिला के साथ - साथ ऊना के मीडिया का मान सम्मान भी बढ़ा है और उन्हें सम्मानित करके प्रेस क्लब स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुकेश अग्रिहोत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी अपनी विषिष्ट छाप छोड़ी थी और एक राजनेता के रूप में भी उन्होंने अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। क्लब के संगठन सचिव राजीव भनोट ने शे’र के साथ अपना संबोधन शुरू करके मुकेश अग्रिहोत्री का जीवन परिचय प्रस्तुत किया और उन्हें काबीना मंत्री बनने पर बधाई दी। प्रेस क्लब के महासचिव जितेन्द्र कंवर ने प्रेस क्लब का आमंत्रण स्वीकार करने के लिए मुकेश अग्रिहोत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रेस क्लब नए शिखर छुएगा।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, महासचिव जितेन्द्र कंवर, विजय शर्मा व ओपी धीमान ने मुकेश अग्रिहोत्री को शाल व टोपी और रामकिशोर द्विवेदी,राजेश शर्मा व शंभुप्रकाश ने पुष्प गुच्छ भेंट करके सम्मानित किया। सरोज मोदगिल व विशाल शर्मा ने डा. सिम्मी अग्रिहोत्री को शाल भेंट की। मुनिन्द्र अरोड़ा व राजीव भनोट ने मुकेश अग्रिहोत्री के पिता व पूर्व पत्रकार ओंकार शर्मा को सम्मानित किया। विनोद लखनपाल ने मुकेश अग्रिहोत्री को ‘ऊना जनपद- एक परिचय’ पुस्तक की प्रति भेंट की। इस अवसर पर डीपीआरओ गुरमीत बेदी, बीबीटी औद्योगिक संघ के अध्यक्ष पवन ठाकुर, पत्रकार सतीश चंदन, रविन्द्र तेजपाल , चंचल बाली, राजन चब्बा, एसडी शर्मा, विनोद कुमार , अमित शर्मा, राजन पुरी, सोमनाथ मिंटू, हरपाल सिंह, मनोहर लाल, विशाल स्याल, रविन्द्र कुमार चंद्रमोहन, लखविंदर लक्खी, राजेश डडवाल , संजय जोशी , अनिल कुमार व सुशील ठाकुर सहित अनेक मीडिया कर्मी उपस्थित थे।