भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत पंजाबी लोक गायक हरदीप गिल ने मोहाली में अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों के एन्यूमरेशन फॉर्म भरे। इस अवसर पर जिला स्वीप टीम के जिला नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल, चुनाव तहसीलदार हरप्रीत कौर, चुनाव कानूनगो सुरिंदर बत्तरा तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रदीप सिंह ने हरदीप गिल के निवास स्थान पर पहुंचकर उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया पूर्ण करवाई।
हरदीप गिल ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे अपने तथा अपने परिवार के सभी पात्र मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर अवश्य भरें। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दे।
जिला स्वीप नोडल अधिकारी प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों तथा आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने बीएलओ से संपर्क कर अथवा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएं तथा इस लोकतांत्रिक महाअभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।