हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण और अंत्योदय, सत्कार, वास्तुकला मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक यमुनानगर जिला सचिवालय के सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से कैबिनेट मंत्री ने 9 परिवादों को मौके पर ही समाधान करके फाइल कर दिया तथा शेष 6 परिवादों को आगामी बैठक तक हल करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने जिन 9 परिवादों का मौके पर ही निपटान करके फाइल करने के निर्देश दिए, जिनमें परिवाद नम्बर-2 में गांव गधौली निवासी राजिन्द्र सिंह ने चतंग नदी पर पटरी से मिट्टी हटाने बारे, परिवाद नम्बर-3 में गांव भवानीपुर निवासी अनुज ने संजीव कुमार सरपंच व रणबीर सिंह के खिलाफ पंचायती पेड़ काटने की शिकायत दी जिस पर कैबिनेट मंत्री ने वन विभाग को निर्देश दिए कि इस संबंध में नोटिस दें और कटे पेड़ की रिकवरी कर पंचायत में जमा करें, परिवाद नम्बर-4 में याकुबपुर निवासी जीतो ने पिछली बैठक में घर के आंगन में से ट्रांसफार्मर हटवाए जाने बारे शिकायत दी जिस पर कैबिनेट मंत्री ने बिजली विभाग को निर्देश दिए थे कि ट्रांसफार्मर हटवाएं, बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर को हटवा दिया, जिसके लिए जितो ने ट्रांसफार्मर हटवाए जाने पर कैबिनेट मंत्री का धन्यवाद किया।
परिवाद नम्बर-5 में गांव खारवन निवासी सुनीता रानी ने पड़ोसी रवि कुमार के खिलाफ शिकायत बारे, परिवाद नम्बर-7 में सुथरान गली, जगाधरी निवासी अनिल कुमार मनचंदा ने नगर निगम के खिलाफ शिकायत बारे, परिवाद नम्बर-8 में विष्णुनगर जगाधरी निवासी गोविंद प्रसाद ने प्लाट की पार्ट आईडी बनाने बारे, परिवाद नम्बर-10 में गांव लापरा निवासी कामिल ने रास्ता खुलवाने बारे, परिवाद नम्बर-13 में गांव माथोर जिला दरभंगा बिहार निवासी धर्मेन्द्र कुमार दास ने मशीन पर लेबर का काम करते हुए हाथ पर गहरी चोट लगने पर मालिक के खिलाफ हर्जा-खर्चा न देने बारे, परिवाद नम्बर-15 में गांव रझेड़ी निवासी सुरेश कुमार काम्बोज ने कार्यकारी अभियंता पंचायती राज द्वारा बिजली का काम करवाकर पेमेंट न देने बारे शिकायत की थी, जिनकी सुनवाई के उपरांत संबंधित विभागों द्वारा उक्त परिवादों के निपटान हेतु की गई कार्यवाही से शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के बाद हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने उक्त परिवादों को फाईल करने के निर्देश दिए।
जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवाद नम्बर-1 में गांव लवाना निवासी अनिल कुमार ने आरोपीगण मंजीत सिंह, सोनू फौजी, गगन, लखविंदर को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने बारे, परिवाद नम्बर-6 में सैक्टर-17 हुड्डा जगाधरी निवासी महेन्द्र तनेजा ने प्रॉपर्टी आईडी के कुछ टुकड़ों को अप्रूव कर रजिस्ट्री किए जाने बारे शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, कार्यकारी अभियंता नगर निगम, कष्ट निवारण समिति के मेंबर प्रियांक शर्मा व संगीता सिंघल को ठीक प्रकार से जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
परिवाद नम्बर-9 में बसंत नगर, जगाधरी निवासी विजयदीप सिंह ने बसंत नगर जगाधरी के पास हुड्डा की जमीन में अवैध कॉलोनी काटे जाने पर डीटीपी व नगर निगम यमुनानगर द्वारा कार्यवाही करने बारे शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने जांच कर रिपोर्ट देने के लिए अधिकारियों की डयूटी लगाई, परिवाद नम्बर-11 में गांव संरावा निवासी जसविंद्र सिंह डिपोधारक ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पीडीएस लाइसेंस की राशन सप्लाई को बिना पक्ष सुने कार्यवाही करने बारे शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
परिवाद नम्बर-12 में गांव फतेहपुर तहसील जगाधरी निवासी परविंदर काम्बोज ने जगाधरी शहर का कैमिकल युक्त गंदा पानी वाटर टी प्लांट का लगातार पानी लीक होने की वजह से खराब हुई फसल का मुआवजा दिलवाने बारे शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता जगाधरी को किसान की फसल की नुकसान की भरपाई व पाईप लाइन ठीक करवाने के निर्देश दिए। परिवाद नम्बर-14 में मधुवन कॉलोनी जगाधरी निवासी भानु प्रताप ने मधुबन कॉलोनी में सिवरेज की समस्या को दूर करने व नए सिवरेज लाइन डालने बारे शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने नगर निगम व जन स्वास्थ्य विभाग को एजेंसी हायर कर समस्या का हल निकालने और मधुबन कॉलोनी में महीने में दो बार मशीन से सिवरेज की सफाई करवाने के निर्देश दिए। इन परिवादों को कैबिनेट मंत्री ने आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर यमुनानगर के विधायक श्री घनश्यामदास अरोड़ा, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक श्री कमलदीप गोयल, नगर निगम आयुक्त श्री महावीर प्रसाद, अतिरिक्त उपायुक्त श्री नवीन आहूजा, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन श्री रमेश ठसका, सहित अधिकारी एवं गणमान्य भी उपस्थित रहे।