मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के जिले संगरूर से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री से भरे पाँच ट्रक सुल्तानपुर लोधी पहुँच गए हैं। संगरूर विधानसभा क्षेत्र की विधायक बीबी नरिंदर कौर भाराज ने आज शाम बाऊपुर जाकर बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया और पीड़ितों की समस्याओं को सुना।
पिछले 23 दिनों से लगातार बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल को राहत सामग्री सौंपी गई। इन पाँच ट्रकों में से चार ट्रक पशुओं का चारा है जबकि एक ट्रक में रोज़ाना इस्तेमाल होने वाला सामान है।इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान की असली तस्वीर तभी सामने आएगी जब पानी नीचे उतर जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसी वजह से बाढ़ पीड़ितों की मदद लंबे समय तक जारी रहेगी। आप की विधायक नरिंदर कौर भाराज ने निर्मल कुटिया सुल्तानपुर लोधी में राहत सामग्री संत सीचेवाल को सौंपते हुए कहा कि पंजाब इस समय एक बड़ी प्राकृतिक आपदा से गुजर रहा है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पंजाब सरकार और आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता अपनी क्षमता अनुसार योगदान दे रहा है। उन्होंने राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल द्वारा पहले दिन से की जा रही मदद की सराहना करते हुए कहा कि संत सीचेवाल इलाके की ज़रूरतों से भली-भांति परिचित हैं।
यही कारण है कि उन्होंने बाऊपुर, सांगरा और रामपुर गौहरा आदि गाँवों और डेरों में खुद पहुँचकर लोगों को मुश्किल हालात से बाहर निकाला। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने राहत सामग्री लेकर आने वाले संगठनों और संस्थाओं का धन्यवाद किया।
उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि बाढ़ पीड़ितों की मदद लंबे समय तक चलेगी। जब इस मंड क्षेत्र से पानी कम होगा, उस समय किसानों को सबसे अधिक मदद की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि गेहूँ की बुआई के समय किसानों को खाद और डीज़ल की भी ज़रूरत पड़ेगी ताकि खेती का कामकाज फिर से पटरी पर आ सके।
संत सीचेवाल ने संगरूर की विधायक बीबी नरिंदर कौर भाराज का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मन में बाढ़ पीड़ितों का दर्द होने के कारण ही वे इतनी दूर से भी राहत सामग्री लेकर पहुँची हैं।