भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान बार-बार प्रधानमंत्री मोदी जी के विदेश दौरों पर जो बेहूदी बातें कर रहे हैं, उससे साफ है कि वो सत्ता के नशे में झूम रहे हैं और उन्हें यह भी नहीं समझ आ रहा कि वो क्या बोल रहे हैं।
तरुण चुग ने कहा, “मान के हर बयान में ओछापन झलकता है। वो उस प्रधानमंत्री पर हमला कर रहे हैं जिसे देश की जनता ने तीन बार भारी बहुमत से चुना है। जिनका सार्वजनिक जीवन 25 साल से साफ-सुथरा रहा है, जिनकी बात आज पूरी दुनिया सुन रही है और जिनके नेतृत्व को दुनिया भर में सम्मान मिल रहा है। और भगवंत मान ऐसे व्यक्ति पर सवाल खड़े कर रहे हैं, शर्मनाक है?”
हाल ही में भगवंत मान ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को पंजाब की जेल में लाने की बात कही। इस पर तरुण चुग ने पलटवार करते हुए कहा, “आपदा पार्टी की सरकार में ही पंजाब की जेलें गैंगस्टरों के अड्डे बन गई थीं। जेलों से इंटरव्यू चल रहे, व्यापारियों को धमकियां दी जा रही थीं, और माफिया पूरे सिस्टम को चला रहे। जेलें स्टूडियो बन गई, क्योंकि आपकी सरकार नियंत्रण ही नहीं कर पाई, और जब आप ड्रग्स के नाम पर 'पीआर' कैंपेन चल रहे थे, तब देशभर में ड्रग माफिया पर कार्रवाई कर उनके पूरे नेटवर्क को नष्ट करने का काम गृहमंत्री अमित शाह कर रहे थे।
चुग ने कहा कि भगवंत मान से कोई पूछे कि बतौर मुख्यमंत्री आपने क्या किया है? कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल है। गैंगस्टर खुलेआम घूम रहे हैं, व्यापारी, कलाकार, किसान, कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। हर दिन पंजाब में गोलियाँ चल रही हैं, लाशें उठ रही हैं, और मुख्यमंत्री जी विदेश यात्राओं पर तंज कस रहे हैं।तरुण चुग ने जर्मनी की उस घटना की भी याद दिलाई, जब भगवंत मान शराब के नशे में गिर पड़े थे। “उस वक़्त भी आपकी इज़्ज़त मोदी जी ने बचाई थी ताकि देश और पंजाब की बदनामी न हो।
वो वीडियो आज तक बाहर नहीं आई, लेकिन आज आप उसी प्रधानमंत्री के खिलाफ बयान दे रहे हैं जिसने आपकी भी साख बचाई।”तरुण चुग ने कहा कि भगवंत मान को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले खुद को देखना चाहिए। “आप सिर्फ अपने आका केजरीवाल और सिसोदिया को खुश करने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं, अमित शाह जैसे गृह मंत्री पर सवाल उठाना तो और भी हास्यास्पद है जिन्होंने देश के अंदर आतंकवाद और नक्सलवाद पर सीधा प्रहार किया है और भारत की सुरक्षा को मजबूत किया है।”
आख़िर में तरुण चुग ने कहा कि भगवंत मान को देश की नहीं, पहले पंजाब की चिंता करनी चाहिए। “प्रधानमंत्री मोदी आज भारत का चेहरा है, भारत की आवाज़ हैं। उन पर हमला करके आप पंजाब का भला नहीं कर रहे, आप अपने असफल शासन से ध्यान भटका रहे हैं। लेकिन देश सब देख रहा है।”