पंजाब के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज सुबह उल्टी और दस्त से प्रभावित अलीपुर अराइयां इलाके का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे पीने के लिए नगर निगम द्वारा भेजे जा रहे टैंकरों के पानी का ही उपयोग करें।
उनके साथ डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव और नगर निगम कमिश्नर परमवीर सिंह भी मौजूद थे। डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि बीते कुछ दिनों में सामने आए उल्टी-दस्त के मामले हल्के लक्षणों वाले थे और मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
फिर भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन मामलों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अलीपुर अराइयां में मेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस स्थायी रूप से तैनात है और वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। इस दौरान उन्होंने लोगों के घरों में जाकर पानी के क्लोरीन टेस्ट भी करवाए, जो संतोषजनक पाए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नगर निगम द्वारा अलीपुर अराइयां में पीने के लिए सुरक्षित पानी की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग पीने के लिए सिर्फ टैंकर से सप्लाई किए गए पानी का ही उपयोग करें, जबकि कपड़े धोने या अन्य कार्यों के लिए अन्य स्रोतों का पानी इस्तेमाल किया जा सकता है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि बरसात के मौसम में एहतियात के तौर पर पीने का पानी उबालकर या फिर क्लोरीन की गोलियों वाला पानी ही प्रयोग करें। उन्होंने यह भी बताया कि पटियाला जिले के सभी पुराने हॉटस्पॉट क्षेत्रों से पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच की जा रही है और क्लोरीन मिलाई जा रही है।
इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर डॉ. प्रीति यादव ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और नगर निगम द्वारा सभी सीवरेज लाइन के मैनहोल्स और पानी की पाइपलाइन की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. जगपालइंदर सिंह ने बताया कि अलीपुर अराइयां में स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर सर्वे किया जा रहा है और पिछले 12 घंटों में केवल 1 नया मामला सामने आया है।
अब तक कुल 138 मामले सामने आए हैं जिनमें से केवल 3 मरीज भर्ती हैं। इस मौके पर एडीसी नवरीत कौर सेखों, डॉ. सुमित सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।