चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज झंजेड़ी , मोहाली में ‘जश्न-ए-लोहड़ी’ २०२५ का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर छात्रों, स्टाफ और प्रबंधन ने सांस्कृतिक गर्व, एकता और परंपरा के प्रति सम्मान के रंग बिखेरे। लोहड़ी, जो आभार और नवीनीकरण का त्योहार है, यह प्रकाश की अंधकार पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है।
सीजीसी झंजेड़ी में यह भावना खूबसूरती से अभिव्यक्त हुई, जहां परिसर पारंपरिक खुशियों और सांस्कृतिक प्रदर्शन का केंद्र बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबी गानों, भांगड़ा और गिद्धा जैसे जोशीले लोक नृत्यों से हुई, जिसने पूरे कैंपस को उत्साह से भर दिया।
ढोल की थाप ने हर किसी को त्योहारों की लय में झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर पवित्र अग्नि प्रज्वलित की गई और समृद्ध वर्ष की कामना के लिए प्रार्थनाएं की गईं। उत्सव को और खास बनाने के लिए बेस्ट ट्रेडिशनल गबरू, बेस्ट ट्रेडिशनल क्वीन, और बेस्ट ड्रेस्ड जैसे कई पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा, स्टाफ अचीवर्स और लॉन्ग एसोसिएशन अवार्ड विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सी जी सी के प्रेजिडेंट रछपाल सिंह धालीवाल, मैनेजिंग डायरेक्टर अर्श धालीवाल और प्रबंधन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अर्श धालीवाल ने त्योहारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ये सांस्कृतिक विरासत को संजोने, एकता को मजबूत करने और जीवन की अनमोल सौगातों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर हैं। उन्होंने छात्रों और स्टाफ की जोशीली भागीदारी की सराहना की।