रेलवे बोर्ड के सदस्य इंफ्रास्ट्रक्चर तथा महानिदेशक सुरक्षा रेलवे बोर्ड श्री ब्रज मोहन अग्रवाल ने 6 जनवरी, 2024 को भारतीय रेलवे की इकाई, पटियाला रेल इंजन कारख़ाना का दौरा किया। दौरे का उद्देश्य लोकोमोटिव की विनिर्माण प्रक्रियाओं का आकलन करना तथा इकाई के सामने आने वाली किसी भी चुनौती का समाधान करना था।
उनके आगमन पर प्रधान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी श्री प्रमोद कुमार ने श्री अग्रवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री अग्रवाल ने पीएलडब्ल्यू की विभिन्न कार्यशालों का दौरा किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुशल श्रमिकों के कामकाज में गहरी दिलचस्पी ली तथा बहुमूल्य सलाह दी और उनके समर्पण की सराहना भी की।
मुख्य कार्यशालों की गहन जांच के बाद श्री अग्रवाल ने कॉन्फ्रेंस हॉल में पीएलडब्ल्यू के सभी अधिकारियों के साथ एक बैठक बुलाई। बैठक का एजेंडा लोकोमोटिव के निर्माण में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करना और उनका समाधान ढूंढना था। श्री अग्रवाल के व्यावहारिक मार्गदर्शन और सिफारिशों की उपस्थित अधिकारियों ने बहुत सराहना की। श्री अग्रवाल को पीएलडब्ल्यू टीम की ओर से श्री प्रमोद कुमार ने प्रशंसा के प्रतीक के रूप में एक स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।