पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपने ज्ञान में लगातार वृद्धि करते रहें तथा हार या असफलता के डर को मन से निकालकर निरंतर मेहनत करते रहें। डिप्टी कमिश्नर जिला प्रशासन की अनूठी पहल ‘चेतना प्रोजेक्ट’ के तहत सरकारी कार्यालयों का भ्रमण करने आए सरकारी सिविल लाइंस स्मार्ट स्कूल की 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि जीतने के लिए तो हर कोई मेहनत करता है, लेकिन हार को स्वीकार करने की क्षमता और साहस भी हमारे भीतर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कभी भी हार से घबराकर मेहनत करना बंद न करें। यदि निर्धारित लक्ष्य प्राप्त न भी हो सके, तब भी वे एक अच्छे इंसान अवश्य बनेंगे।
जीवन में आगे बढ़ने और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने संबंधी विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने उन्हें अपने माता-पिता और शिक्षकों को अपना आदर्श बनाने तथा सही और गलत की पहचान करना सीखने का संदेश दिया। बच्चों को सोशल मीडिया पर कम समय बिताने और अपने कार्य के प्रति ईमानदारी से मेहनत करने के लिए प्रेरित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने आसपास और समाज में होने वाली गतिविधियों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली घटनाओं तथा उनके कारणों की जानकारी के लिए नियमित रूप से समाचार पत्र अवश्य पढ़ने चाहिए।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने शिक्षा क्रांति के तहत सरकारी स्कूलों में व्यापक गुणवत्ता सुधार किए हैं। इसी कड़ी में पटियाला जिला प्रशासन ने ‘चेतना प्रोजेक्ट’ के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की पहल की है।
डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि सरकारी कार्यालयों का यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को सरकारी कार्यप्रणाली, प्रशासनिक ढांचे और विभिन्न विभागों के कामकाज को निकट से समझने का अवसर प्रदान करेगा। विद्यार्थियों ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय, डी.सी. कोर्ट, रोजगार कार्यालय, फर्द केंद्र, सेवा केंद्र, सांझ केंद्र, पुलिस थाना तथा अन्य सरकारी कार्यालयों का दौरा कर सरकारी कार्यप्रणाली को समझने का प्रयास किया।
इस अवसर पर डिप्टी डी.ई.ओ. रविंदरपाल सिंह, स्कूल प्रिंसिपल सीमा उप्पल, जिला रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. प्रीतपाल सिंह, जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो के डिप्टी सीईओ सतिंदर सिंह एवं करियर काउंसलर रूपसी पाहूजा, नोडल अधिकारी जगमीत सिंह तथा स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित थे।