युवाओं को नशों से दूर रखकर खेलों के साथ-साथ रक्षा सेवाओं में भर्ती करवाकर रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए पंजाब सरकार वचनबद्ध है। यह बात पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और पटियाला के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने स्थानीय पोलो ग्राउंड में युवाओं को रक्षा सेवाओं से संबंधित बलों में भर्ती होने के लिए जानकारी देने हेतु लगाए गए विशेष फ्लेक्स के माध्यम से युवाओं को जागरूक करते हुए कही।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि इन फ्लेक्स बोर्डों में भर्ती के लिए आवश्यक शारीरिक मापदंड, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया तथा तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सरल और सहज भाषा में दर्शाई गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को समय पर सही और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध करवाना है ताकि वे अपनी तैयारी सही दिशा में कर सकें और देश सेवा के अपने सपनों को साकार कर सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को नशों की लत से बचाकर उन्हें रोजगार, खेलों और देश सेवा जैसे रचनात्मक क्षेत्रों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाई जा रही "युद्ध नशों के विरुद्ध" मुहिम के तहत यह अनूठा प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि ये जानकारीपूर्ण फ्लेक्स बोर्ड मुख्यमंत्री द्वारा जारी किए गए हैं, जिन्हें जिला प्रशासन और जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, पटियाला ने डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल के योग्य नेतृत्व में तैयार किया है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पटियाला जिले के लगभग 400 खेल मैदानों में ये फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा और विद्यार्थी इस जानकारी का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि खेल मैदानों में आने वाले बच्चे और युवा न केवल सुरक्षा बलों में भर्ती होने के लिए प्रेरित होंगे, बल्कि नशों से दूर रहकर अपना ध्यान खेलों, स्वास्थ्य और अपने भविष्य को संवारने की ओर भी केंद्रित करेंगे। डीसी ने कहा कि पंजाब सरकार की "युद्ध नशों के विरुद्ध" मुहिम तीन मुख्य पहलुओं पर केंद्रित है—नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नशों की चपेट में आए युवाओं का पुनर्वास तथा बचपन से ही बच्चों को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर रखना।
इसी सोच के तहत बच्चों और युवाओं को खेलों, अनुशासन और देश सेवा से जोड़ने के लिए यह प्रयास शुरू किया गया है। जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करने, उनमें देश सेवा की भावना को मजबूत करने तथा नशा-मुक्त, स्वस्थ और रंगले पंजाब के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह प्रयास युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार भविष्य की योजना बनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा।