डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने मंगलवार जिला प्रशासकीय कांप्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस संबंधी होने वाले समागमों की तैयारियों का जायजा का जायजा लिया व अधिकारियों को निर्देश दिए कि समागम को लेकर किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से अलग अलग संस्थाओं के सहयोग से 21 जून को पुलिस लाइन ग्राउंड में जिला स्तर पर विश्व योग दिवस समागम मनाया जाएगा जबकि 20 जून को प्रदेश स्तरीय समागम जालंधर की पी.ए.पी ग्राउंड में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि दोनों ही समागमों में जिले के लोग भारी संख्या में शिरकत करेंगे।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे सौंपी गई जिम्मेदारी को तनदेही से निभाए ताकि दोनों कार्यक्रम सुचारु ढंग से संपन्न किए जा सकें। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक और यूनानी अधिकारी डा. नरेश माही को निर्देश देते हुए कहा कि वे निजी तौर पर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करें और सभी प्रबंधों को समय रहते सुनिश्चित बनाएं।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पुलिस लाईन में जिला स्तरीय योग दिवस के मौके पर अलग-अलग ट्रेनरों की ओर से योग करवाया जाएगा और योग आसनों के महत्व के बारे भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने से संबंधित तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए कहा।
उन्होंने समाज सेवी संस्थाओं, पुलिस विभाग, कालेजों के विद्यार्थियों, यूथ क्लबों के सदस्यों सहित समूह विभागों के प्रमुखों व योग प्रेमियों से अपील की कि वे 21 जून 2023 को सुबह 6 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड होशियारपुर में पहुंच कर इस जिला स्तरीय योग दिवस में अधिक से अधिक संख्या में शिरकत करें। उन्होंने कहा कि योग दिवस के प्रोग्राम में शामिल होने वाले लोग टी -शर्ट /कुर्ता व पायजामा पहन कर आएं।
उन्होंने इस दौरान रिफ्रेशमेंट, पीने के पानी, सफाई व अन्य व्यवस्थाओं संबंधी भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जाए व स्कूल व कालेजों के विद्यार्थियों की तय की भागीदारी भी सुनिश्चित बनाई जाए।
इस मौके पर एस.पी(मुख्यालय) मंजीत कौर, सहायक कमिश्नर नगर निगम संदीप तिवारी, नोडल अधिकारी डा. हरीश भाटिया, योग गुरु सुरिंदर कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाज सेवी संस्थाओं, स्कूलों व कालेजों के प्रिंसिपल भी मौजूद थे।