जीरा शराब फैक्ट्री बंद करने के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फैसले का आम आदमी पार्टी(आप) की लीडरशिप ने स्वागत करते हुए कहा कि 'आप' सरकार पंजाब के किसानों के साथ खड़ी है। बुधवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रवक्ता नील गर्ग और गोविंदर मित्तल के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस फैसले ने फिर साबित किया है कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार आमलोग और किसान हितैषी है।
वहीं 'आप' प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि अगर राजनीतिक इच्छाशक्ति हो और सरकार ईमानदार हो तो कोई भी फैसला असंभव नहीं है। मुख्यमंत्री भगवंत मान का यह फैसला स्वागत योग्य है। हमारे मुख्यमंत्री खुद किसान परिवार से आते हैं, इसलिए वह किसानों के दुख दर्द को अच्छे से जानते-समझते हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पंजाब का पर्यावरण और पानी बचाने के लिए पहले भी कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
मुख्यमंत्री बनने के कुछ दिन बाद ही उन्होंने पंजाब का पानी बचाने के लिए किसानों से धान की सीधी बिजाई करने की अपील की और इसके लिए आर्थिक मदद देकर किसानों को प्रोत्साहित किया। फिर, उन्होंने मत्तेवाडा जंगल में प्रस्तावित टैक्सटाइल पार्क योजना को रद्द किया। अब उन्होंने जीरा शराब फैक्ट्री बंद करने का निर्णय लेकर पंजाब की किसानी और पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाया है।