चुनावी मौसम में बेलन से चुनावी प्रक्रिया संवारने का प्रयत्न करने वाली संस्था बेलन ब्रिगेड ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 3० अप्रैल को उसी प्रत्याशी को अपना अमूल्य वोट डालें, जो उनके बच्चों के भविष्य को निरोग और नशामुक्त बना सकें।पत्रकारों से बातचीत करते हुए संस्था की प्रमुख आर्कीटैक्ट अनिता शर्मा ने कहा कि पंजाब का इतिहास इस बात का गवाह है कि यहां पर कोई भी चुनाव नशों के वितरण के बिना नहीं लड़ा गया और न ही वर्तमान चुनाव लड़ा जा रहा है। बड़े राजनीतिक दलों के प्रत्याशी भी शराब और कबाब वितरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने वोट की कीमत के लिए शराब की बोतल ले रहे हैं, वे अपने बच्चों का भविष्य क्या सुधारेंगे?
आर्कीटैक्ट शर्मा ने कहा कि भारत विश्व में सबसे अधिक युवाओं का देश है और जिस देश का युवा नशों का आदि है, वो देश को क्या संभालेगा? ऐसी नशों की जवानी देश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक ढांचे को चौपट कर डालेगी। नशे युवा पीढ़ी की आवश्यता बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के अस्पतालों में प्रतिदिन दाखिल होने वाले 5० रोगियों में से 3० नशों के कारण अपना शरीर बेकार कर चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र की वल्र्ड ड्रग्ज रिपोर्ट के अनुसार एशिया में भारत ड्रग्ज का सबसे बड़ा बाजार है। पंजाब नशों का सबसे बड़ा और संवेदनशील गढ़ है। इस राज्य में हर वर्ष डेढ़ हजार करोड़ रुपये का नशों का व्यापार होता है। यहां के गांवों में 72 प्रतिशत ऐसे घर हैं, जहां कोई न कोई नशे की गिरफ्त में है।
आर्कीटैक्ट शर्मा ने कहा कि आपकी वोट मात्र वोट नहीं, आप के बच्चों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी है। मतदान के दिन मतदान केंद्र तक सोच समझकर जाएं और यह सोचकर न जाएं कि किसी राजनीतिक दल को जिताना है, सिर्फ यह सोचकर जाएं कि भावी वातावरण को अपने अमूल्य वोट से नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने महिलाओं से भी अपील की कि वह इस मामले में आगे आएं और उक्त संकल्प का प्रचार करें। देश में 49. 3 प्रतिशत महिलाएं हैं, अगर वे चाहें तो देश में क्रांतिकारी परिवर्तन ला सकती हैं। इस बीच उन्होंने यह भी बताया कि उनकी संस्था द्वारा गांवों में भी चुनावों में नशा बांटने वालों का विरोध किया जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस अवसर पर अन्यों के इलावा किरण शर्मा,ज्योति शर्मा,ओमिका,कीर्ति,सुनीता,सोनिया मौदगिल,कंचन,अनु शर्मा,वरिंदर कॉफी,आशु शर्मा,साहिल और आदित्य उपस्थित थे।