गोविंद सिंह ठाकुर ने बुधवार को खराहल घाटी के शहीद बालकृष्ण के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शहीद के परिजनों को सेना की मदद के अलावा प्रदेश सरकार की ओर से भी हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। शहीद के परिजनों को सांत्वना देते हुए वन मंत्री ने कहा कि युवावस्था में बालकृष्ण का शहीद होना परिजनों के लिए बहुत बड़ी क्षति एवं सदमा है, लेकिन देश की रक्षा के लिए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिस पर क्षेत्र के लोगों को गर्व है।
वन मंत्री ने मजदूरों को वितरित किया राशन
वन मंत्री ने मनाली के निकट पारशा गांव में गरीब और जरुरतमंद मजदूरों को राशन की पंद्रह किटें प्रदान की। प्रत्येक किट में मजदूरों को एक-एक माह का राशन दिया गया है। वन मंत्री ने कहा कि जिला में कोई भी प्रवासी मजदूर या अन्य जरुरतमंद लोग राशन अथवा भोजन के बगैर न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
गोविंद सिंह ने मास्क बनाने के लिए महिला मंडलों को दिया कपड़ा
गोविंद सिंह ठाकुर ने बाहंग, गोशाल, मझाच तथा पनारा के महिला मंडलों को मास्क बनाने के लिए 50-50 मीटर सूती कपड़ा प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है और घर में बनाया गया सूती कपड़े का मास्क काफी उपयोगी सिद्ध हो रहा है, क्योंकि इसे धोने और सुखाने के बाद बार-बार प्रयोग किया जा सकता है।