राज्यपाल उर्मिला सिंह से आज यहां राजभवन में नेशनल डिफैंस कालेज, नई दिल्ली के 14 अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने रियर एडमिरल आर. गायकवाड के नेतृत्व में भेंट की।
अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श में राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक प्रगतिशील राज्य है और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद राज्य ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर कृषि, बागवानी, पंचायती राज, शिक्षा इत्यादि क्षेत्रों में हुई प्रगति की सराहना की।राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और राज्य ने अपनी समृद्ध संस्कृति को संरक्षित रखा है। उन्होंने कहा कि ‘देव परम्परा’ राज्य की विशेष पहचान है, जिसकी झलक राज्य में मनाये जाने वाले मेलों एवं त्यौहारों में देखने को मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य के लोगों का जीवन सादगी से परिपूर्ण है और परिश्रमी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं सशक्त हैं और प्रदेश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।श्रीमती उर्मिला सिंह ने अधिकारियों से मध्य प्रदेश में मंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की अध्यक्ष के तौर पर कार्य के अनुभवों को भी सांझा किया। उन्होंने प्रतिनिधिमण्डल में शामिल आस्ट्रेलिया, नाइजीरिया और साउदी अरब का प्रतिनिधितत्व कर रहे अधिकारियों के साथ उनके देशों में पंचायती राज व्यवस्था के बारे में विस्तृत विचार-विमर्श किया।हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान की निदेशक श्रीमती पूर्णिमा चौहान ने विचार-विमर्श के दौरान प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।रियर एडमिरल आर. गायकवाड ने राज्यपाल को नेशनल डिफैंस कालेज, नई दिल्ली के अधिकारियों के 11 माह के पाठ्यक्रम के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस पाठ्यक्रम में थल सेना, जल सेना, वायु सेना, भारतीय प्रशासनिक सेवा तथा भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के अलावा आस्ट्रेलिया, नाइजीरिया और साउदी अरब के सैन्य बलों के अधिकारी भाग ले रहे हैं।