गोविन्द सिंह ठाकुर की केन्द्रीय राज्य मन्त्री इलैक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, संस्कृति एवं पर्यटन से भेंट
Web Admin
5 Dariya News
नई दिल्ली , 01 May 2018
Last updated on: May 01, 2018, 00:00 IST
वन, परिवहन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने आज दिल्ली में केन्द्रीय राज्य मन्त्री इलैक्ट्रानिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, संस्कति एवं पर्यटन के.जे.एलफोन्ज़ से भेंट की। उन्होंने केन्द्रीय मन्त्री से हिमाचल प्रदेश में मौजूद ईको पर्यटन की अपार सम्भावनाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा प्रदेश में ईको-पर्यटन योजना के प्रभावी एवं सफल कार्यान्वयन के लिए ईको-पर्यटन सम्बन्धित 500 करोड़ रूपये की ईको-पर्यटन योजना स्वीकृती हेतु केन्द्रीय राज्य मन्त्री को सौंपी।श्री गोविंद ठाकुर ने केन्द्रीय राज्य मंत्री को अवगत करवाया कि हिमाचल प्रदेश में एक पहाड़ी राज्य होने के कारण ईको पर्यटन विशेष तौर पर सहासिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि भौगोलिक संरचना तथा वातावरण के कारण हिमाचल प्रदेश हमेशा से ही पर्यटकों की पहली पसन्द और आकर्षण का केन्द्र रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रति वर्ष लाखों पर्यटक प्रकृति व सहासिक पर्यटन का आनन्द लेने के लिए यहां भ्रमण पर आते हैं।वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में ईको-पर्यटन योजना के प्रभावी व सफल कार्यान्वयन के लिए इस योजना का शुभारम्भ 10-11 मई, 2018 को मनाली में एक अर्न्तराष्ट्रीय सम्मेलन में किया जाना प्रस्तावित था, जिसमें केन्द्रीय राज्य मन्त्री श्री के.जे. एलफोन्ज मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने वाले थे। परन्तु उनके चीन दौरे के कारण अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन अब आगामी जून 2018 तक आगे बढ़ाया गया है।केन्द्रीय राज्य मन्त्री श्री के.जे. एलफोन्ज़ ने वन मंत्री के प्रस्तावों को ध्यान से सुना तथा उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार का हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव है तथा वह यहां ईको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्य करना चाहते हैं।इस अवसर पर डॉ. संजय सूद सी.ई.ओ. कम मुख्य अरण्यपाल ईको पर्यटन तथा श्री शौक्त सिकन्द संस्थापक सदस्य, हि.प्र. ईको पर्यटन सोसाईटी भी उपस्थित थे।