मोदी ने शिंदे की आलोचना की
Web Admin
5 दरिया न्यूज
अहमदाबाद (आईएएनएस) , 15 Jan 2014
Last updated on: Jan 15, 2014, 00:00 IST
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे द्वारा सभी राज्यों को जारी सुझाव के लिए उनकी आलोचना की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि देश के सभी राज्यों में गलत तरीके से गिरफ्तार 'अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं' को रिहा कर देना चाहिए। मोदी ने बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से आग्रह किया कि उन्हें इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी ने बुधवार को अपने ट्विटर खाते पर एक टिप्पणी में कहा कि उन्होंने शिंदे द्वारा जारी इस एडवाइजरी के बारे में प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है।उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, "गृह मंत्री द्वारा गलती से गिरफ्तार किए गए समुदाय विशेष के युवाओं को रिहा करने वाला बयान दोबारा दिए जाने के संबंध में मैंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। गृह मंत्री का सुझाव देश के लिए अभूतपूर्व गिरावट वाला है।"मोदी ने आगे कहा, "प्रधानमंत्री को इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए।"गृह मंत्री ने बीते शुक्रवार को पत्र लिखकर देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को गिरफ्तार करते वक्त सावधानी बरतने के लिए कहा था। शिंदे के इस पत्र पर काफी विवाद उठ खड़ा हुआ है।गृह मंत्री ने मुख्यमंत्रियों को लिखे पत्र में गिरफ्तारी की प्रक्रिया के बारे में कहा है, तथा बिना सुनवाई के जेल भेज दिए गए लोगों के मामलों की दोबारा समीक्षा के लिए एक समिति गठित करने के लिए कहा है।