शहरी विकास,आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा समाज के हर वर्ग के हित के लिए योजनाओं और कार्यक्रमों को संचालित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के नियोजित व व्यवस्थित विकास को सुनिश्चित बना रही है तथा प्रदेश में सभी मूलभूत सुविधाओं के ढांचागत विकास पर बल दिया जा रहा है। वे अनसूई, ठारू व डढम्ब पंचायतों के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित अनसूई के रक्कड़ का बाग में छिंज मेले के अवसर पर बोल रहीं थीं।शहरी विकास मंत्री ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में अच्छे मैदानों के साथ सुनियोजित अखाड़े भी बनाए गये हैं जहां लोग बैठकर कुश्तियों को भरपूर आनन्द उठाते हैं। शहरी विकास मंत्री ने अखाड़े में आने पर शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव जैसे लोग सदियों के महानायक हैं। उन्होंने कहा ऐसे शहीदों की भावना का संचार लोगों के दिलों में होता रहेगा तथा ऐसे महानायक विरले ही पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि देश पर मर मिटने वाले ऐसे शहीदों का ऋण हम लोग कभी नहीं उतार सकते हैं।इससे पूर्व मेला कमेटी के प्रधान रूस्तम सिंह ने अपनी कार्यकारिणी के साथ मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा धनराशि देन हेतू आभार जताया।
घोषणाएं
शहरी विकास मंत्री ने मेला मैदान में डंगा लगाने के लिए दो लाख, व मेला कमेटी को 15 हजार रुपये देने की घोषणा की।इस दौरान बड़ी माली के विजेता कोहाली निवासी काका को 17 हजार उपविजेता हिमाचल केसरी सोनू को चौदह हजार रुपये तथा छोटी माली के विजेता पठानकोट के मिन्दा को बारह हजार व उपविजेता कोहाली केे प्रवीण को नौ हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
सरवीण ने सुनी जन समस्याएं
इससे पूर्व शहरी विकास मंत्री ने शाहपुर विश्राम गृह में लोगों की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर कांगड़ा भाजपा के उपाध्यक्ष योगराज चड्डा, जिला परिषद् सदस्य सीमा देवी, कमल शर्मा, अश्वनी चौधरी, प्यार सिंह, घरोह के उपप्रधान तिलक शर्मा, दीपक अवस्थी, अशोक विशिष्ट, राजेश, दीपक सोनी, सिद्धांत ठाकुर सहित अधिक संख्या में लोग उपस्थित थे।