केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि भारत बीपीओ संवर्धन योजना के तहत 76 परिचालन इकाइयों ने 10 हजार सीधी नौकरियां पैदा की है और यह भविष्य में इस आंकड़े का तीन-चार गुना तक परोक्ष रोजगार पैदा करेंगी। मंत्री ने यहां कहा, "बीपीओ ने 10 हजार प्रत्यक्ष रोजगार के मौके प्रदान किए हैं और भविष्य में ये स्किलिंग, शिक्षा, आकांक्षा और कंप्यूटर प्रशिक्षण के क्षेत्र में तीन-चार गुना अधिक परोक्ष रोजगार प्रदान करेंगे।"इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि भारत बीपीओ संवर्धन योजना के अंतर्गत कुल 48,300 सीटे हैं और पूर्वोत्तर बीपीओ संवर्धन योजना के तहत 5,000 सीटों को आबादी के अनुपात में विभिन्न राज्यों में वितरित किया गया है। योजनाओं में प्रति सीट पर एक लाख रुपये तक की राशि व्यावहारिकता गैप फंडिंग (वीजीएफ) के रूप में विशेष प्रोत्साहन के तहत दी गई।बयान में कहा गया है, "इन योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता का वितरण सीधे रोजगार निर्माण से जुड़ा हुआ है।" बयान में आगे कहा गया है, "यह योजना महिलाओं और दिव्यांगों को रोजगार के लिए विशेष प्रोत्साहन, राजधानी शहरों के अलावा अन्य शहरों में संचालन की स्थापना, लक्ष्य से परे रोजगार पैदा करने और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रदान करती हैं। जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।"भारत बीपीओ संवर्धन योजना के अंतर्गत, 18,160 सीटें खुली बोली प्रक्रिया के चार दौर के बाद, 87 कंपनियों की 109 इकाइयों में आवंटित की गई हैं। जिससे 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के 60 स्थानों में वितरित किया गया है।