लोकसभा में बुधवार को चुनाव सुधार पर चर्चा के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ चुनाव हारने पर ही चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “जब विपक्ष चुनाव हारता है, तो वह तुरंत चुनाव आयोग और पूरी चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना शुरू कर देता है।
अगर लोग आपको वोट नहीं दे रहे हैं तो हम क्या कर सकते हैं?” हाल ही में हुए बिहार विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन पर तंज कसते हुए भाजपा सांसद ने कहा, “कांग्रेस और उसके नेताओं की बड़ी-बड़ी रैलियों और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बारे में शोर मचाने के बावजूद बिहार की जनता ने उन्हें कम सीटें दी हैं।
जनता भाजपा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से किए गए विकास कार्यों को देखती है और हमें वोट देती है। यही सच्चाई है।” रविशंकर ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के भाषण पर आपत्ति जताई। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से कहा कि उन्होंने जो कुछ भी कहा है, उसे रिकॉर्ड से हटा दिया जाए क्योंकि वेणुगोपाल सुप्रीम कोर्ट में एक पक्ष हैं जिन्होंने एसआईआर को चुनौती दी है।
उन्होंने मांग की कि केसी वेणुगोपाल खुद चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले में याचिकाकर्ता हैं। जो व्यक्ति इसी विषय पर सुप्रीम कोर्ट गया है, उसे इस सदन में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। मैं अध्यक्ष से अनुरोध करता हूं कि उनके पूरे भाषण को रिकॉर्ड से हटा दिया जाए। बता दें कि कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि चुनाव आयोग ‘वोट चोरी’ जैसे राष्ट्रविरोधी कृत्यों को रोकने के बजाय उसे बढ़ावा दे रहा है।
वेणुगोपाल ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सोचती है कि वह ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल करके देश पर शासन कर सकती है। हालांकि, अंतिम निर्णय इस देश की जनता ही लेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आज भाजपा देशभक्ति की बातें करती है। हालांकि, उनके पूर्वजों ने स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ कभी लड़ाई नहीं लड़ी।