राज्यपाल उर्मिला सिंह ने आज शिमला के बिशपकॉटन स्कूल में राज्यपाल-एकादश और मुख्यमंत्री एकादश के बीच आयोजित टी-20 क्रिकेट मैच का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे।इस मैच का आयोजन हिमाचल प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण परिषद ने किया।राज्यपाल श्रीमती उर्मिला सिंह ने हिमाचल प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण परिषद को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन दर्शकों एवं खिलाड़ियों का न केवल मनोरंजन करते हैं बल्कि इससे भातृभावना भी सुदृढ़ होती है।विधानसभा अध्यक्ष श्री बी.बी.एल. बुटेल ने टॉस के लिए सिक्का उछाला और राज्यपाल एकादश की कप्तान श्रीमती उर्मिला सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।मुख्यमंत्री की अगुवाई वाली टीम में उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री तथा राज्यपाल की टीम में प्रधान सचिव श्री तरूण श्रीधर ने बतौर उप-कप्तान भाग लिया।
राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी राज्यपाल एकादश तथा मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य संसदीय सचिव और विधायकगण मुख्यमंत्री एकादश की ओर से खेले।हिमाचल प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण परिषद के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस क्रिकेट मैच से जो भी फंड एकत्रित होगा उसे मुख्यमंत्री राहत कोष में बतौर अंशदान जमा करवाया जाएगा।श्री विक्रमादित्य सिंह ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल, राष्ट्रीय अनुसूचित जन जाति परिषद (एनसीएसटी) के अध्यक्ष एवं विधायक श्री रवि ठाकुर, हिमाचल प्रदेश वित्तायोग के अध्यक्ष श्री कुलदीप कुमार, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुखविन्द्र सिंह ठाकुर, बिशप कॉटन स्कूल के मुख्य अध्यापक श्री रॉय क्रिस्टोफर रोबिनसन को इस अवसर पर सम्मानित किया।मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।