केंद्रीय फूड प्रौसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने आज यहां पंजाब स्किल डिवेल्पमैंट मिशन तहत स्थानीय आई टी आई परिसर में आधुनिक सुविधाओं से लैस मल्टी स्किल डिवेल्पमैंट सैंटर का उद्घाटन करते हुये कहा कि इस सैंटर से वार्षिक दो हजार शिक्षार्थी विभिन्न हुनरों का प्रशिक्षण लेकर हुनर विकास मिशन से जुड़ी कंपनियों में रोजगार प्राप्त करेंगे। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एडवांसड कैंसर इंस्टीच्यूट की एंबूलैंस को हरी झंडी देकर रवाना करने के पश्चात श्रीमती बादल ने नये निर्मित बहुहुनर विकास सैंटर का उद्घाटन करते हुये कहा कि इस सैंटर में शहर और गांव के 5वीं , 10वीं तथा 12वीं पास नवयुवकों को 19 कोर्सो का प्रशिक्षण दिया जायेगा जिनकी अवधि तीन महीने से एक वर्ष तक होगी। उन्होंने कहा कि इन शिक्षार्थीयों को प्रशिक्षण संपूर्ण होने के पश्चात हुनर विकास मिशन से जुड़ी देश की प्रमुख 12 कंपनियों में नौकरी दिलायी जायेंगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय हुनर विकास मिशन तहत गरीबी रेखा से नीचे रह रहे ग्रामीण परिवारों से आने वाले शिक्षार्थीयों को निशुल्क प्रशिक्षण, रिहायश, खाना और परिवहन मुहैया करवाई जायेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा इन शिक्षार्थीयों को हुनरमंद बनाने के लिये हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि यह शिक्षार्थी टैक्सटाइल, मैन्यूफैक्चरिंग ऑटोमोटिव, फिटनैस, सूचना प्रौद्योगिकी, अग्रेजी भाषा आदि का प्रशिक्षण लेकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें। इस अवसर पर संबोधित करते हुये केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय हुनर विकास मिशन तहत करोड़ों नवयुवकों को हुनरमंद बनाने का प्रण लिया गया है और पंजाब में हुनर विकास की भागीदार ग्राम तरंग द्वारा पहले लुधियाना और अब बठिंडा में यह केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से बठिंडा और जिले के गांवों के हजारों नवयुवकों को हुनरमंद बनाया जा सकेगा। स्थानीय अर्बन स्टेट फेज़-1 में प्रधानमंत्री आवास योजना तहत रखे समागम की अध्यक्षता करते हुये श्रीमती बादल ने विधायक श्री सरूपचंद सिंगला की उपस्थिति में 200 से अधिक परिवारों को योजना तहत पत्र सौंपे।
उन्होंने कहा कि पंजाब में 42 हजार, शहरी लोगों को इस योजना तहत मकान बनाने के लिये डेढ लाख रुपये की वित्तीय मदद दी जायेगी जिनमें से 5 हजार परिवार जिला बठिंडा से संबंधित हैं और एक हजार से अधिक लाभपात्री बठिंडा शहर के ही हैं। उन्होंने कहा कि जो योग्य लाभपात्रियों के फार्म अभी तक नही भरे जा सके उनके फार्म शीघ्र भरे जायेंगे और वित्तीय मदद मुहैया करवाई जायेगी। विधायक श्री सरूपचंद सिंगला ने श्रीमती बादल का धन्यवाद किया। इस अवसर पर मेयर श्री बलवंत राय नाथ, अतिरिक्त उपायुक्त विकास डॉ. शेना अग्रवाल, आयुक्त नगर निगम श्री अनिल गर्ग और एसडीएम श्रीमती साक्षी साहनी आदि उपस्थित थे। इससे पूर्व श्रीमती बादल ने गांव बांडी में हाई से सीनियर सकैण्डरी, गांव गुरूसर सेनेवाला में मिडल से हाई, गांव फूस मंडी में मिडल से हाई, गांव नेहियावाला में हाई से सीनियर सकैंडरी, बीड़ तलाब बस्ती 2 और तीन में मिडल से हाई गांव हर रायेपुर में हाई से सीनियर सकैंडरी अपग्रेड हुये स्कूलों का नींव पत्थर रखा।