हिसार लोकसभा क्षेत्र के गांवों में सभी के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दृष्टिगत इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने नई पहल की है। सांसद दुष्यंत चौटाला ने हिसार जिले के 170 गांवों को गोद लेने की घोषणा की है। इन गांवों में सरकारी विभागों के साथ मिलकर सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करने के साथ साथ उनमें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इन गांवों की एक सूची आज हिसार जिला की डिस्ट्रिक्ट डवेलपमेंट कॉर्डिनेशन एंड मानिटरिंग कमेटी (दिशा) में सांसद दुष्यंत चौटाला ने जिला उपायुक्त को सौंप दी है। जिला उपायुक्त को गांव की सूची पर काम करते हुए एक विस्तृत रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर तैयार करने को कहा है। आज सांसद दुष्यंत चौटाला बतौर दिशा के चेयरमैन गुजवि हिसार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं में बरती जा रही ढील के लिए जवाब तलब किया वहीं इस बैठक में न आने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस बैठक में दिशा के वाईस चेयरमैन डा. सुभाष चंद्रा, विधायक अनूप धानक, वेद नारंग, रणबीर सिंह गंगवा, जिला उपायुक्त निखिल गजराज, एडीसी विजय कुमार, गुजवि के कुलपति डा. टंकेश्वर सहित जिले भर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
लावारिस पशुओं पर लगाम लगाओ वरना टोल बंद करो- दिशा के चेयरमैन सांसद दुष्यंत चौटाला ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्रधाधिकरण के अधिकारियों को कड़े शब्दों में कहा कि वे रोहतक से हिसार के बीच टोल रोड को लावारिस पशुओं से पूर्ण रूप से मुक्त रखे अन्यथा रोड पर लगे टोल को बंद कर दें। सांसद दुष्यंत चौटाला ने टोल प्लाजा एजेंसी द्वारा नियमित वाहन चालकों को पास देने में आनाकानी करने पर भी खिंचाई की। उन्होंने कहा कि हिसार व हांसी के सभी वाहन स्वामियों को टोल पास की सुविधा दें। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द बेसहारा पशुओं को पशुओं के अस्थाई बाड़े में भिजवाएं, पशुओं के गले में रिफलेक्टर लगाएं और रोड के दोनों ओर फेसिंग करवाएं। इसके लिए एक माह का समय दिया गया है। जुगलान गांव के पास कट बनाओ- सांसद दुष्यंत चौटाला ने जुगलान गांव के पास कट बनाने के भी निर्देश दिए। इनेलो सांसद ने कहा कि यदि संबंधित जिम्मेवार अधिकारियों ने उपरोक्त मुद्दों पर कार्यवाही नहीं की तो मामले को लोकसभा में उठाएंगे।
उन्होंने गैबीपुर व चौधरीवास गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के दौरान गांव वासियों को आ रही परेशानी को भी दूर करने के निर्देश दिए। बैठक में सांसद दुष्यंत चौटाला ने पटेल नगर आरयूबी बनने में आ रही परेशानियों को दूर करते हुए जल्द से जल्द इसके निर्माण प्रक्रिया शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग तालमेल करें। उन्होंने कहा कि साऊथ बाईपास का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करें जिससे कि शहर में जाम की समस्या से निजात मिल सके। जिला परिषद सचिव को कारण बताओ नोटिस-सांसद दुष्यंत चौटाला ने जिला परिषद सचिव को इस बैठक में न आने और पूर्व सूचना के बावजूद इस बैठक के बराबर जिला परिषद सचिव द्वारा बैठक बुलाने पर कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने इसके लिए जिला उपायुक्त को जिला परिषद सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने और भविष्य में इस प्रकार की प्रयास न करने की हिदायत जारी करने को कहा। गांवों में वृद्धावस्था पेंशन वितरण में ग्रामीण को परेशानी के बचने के लिए सांसद दुष्यंत चौटाला ने बैंकों की शाखा खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाखा न खुलने तक अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा।
100 गांवों के स्कूलों में देंगे टेबल टेनिस का सामान-सांसद दुष्यंत चौटाला ने गांवों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हिसार लोकसभा क्षेत्र के 100 स्कूलों में टेबल टेनिस का सामान देने की घोषणा की। उन्होंने इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी बलजीत सहरावत को जिला उपायुक्त के साथ विचार विमर्श करके 100 स्कूलों की सूची तैयार करने को कहा। इसके अतिरिक्त सांसद आदर्श गांव योजना के तहत सभी स्कूलों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति करने, स्कूलों में पेटिंग करवाने, निजी बसों में बस पास लागू करवाने, छात्राओं के लिए बस की सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। सांसद दुष्यंत चौटाला को हिसार से चंडीगढ़ के बीच बंद की गई वोल्वो बस की सेवा को दोबारा शुरू करने को कहा। उन्होंने इसके लिए रोडवजे महाप्रबंधक को जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए हिसार चंडीगढ़ व हिसार व दिल्ली के बीच वोल्वो बस शुरू करने को कहा। उन्होंने हर गांव में बस क्यू शेल्टर बनाने को कहा। इसके लिए सभी संबंधित बीडीपीओ अधिकारियों उन गांवों की सूची तैयार करने को कहा है ताकि उन गांवों में क्यू शेल्टर बनाया जा सके जहां पर शेल्टर नहीं है। आदर्श गांवों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए बच्चों के वेक्सीनेशन के लिए इंद्रधनूष योजना के तहत उपरोक्त गांवों में नियमित शिविर लगाने के निर्देश दिए। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कृषि विभाग के अधिकारियों को गांवों में स्वयं सहायता समूल के माध्यम से बीज तैयार करने की योजना पर काम करने को कहा ताकि समूह की आय बढ़ाई जा सके और किसानों को सस्ता व बेहतर बीज मिले।