आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब के उप-मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया है कि आगामी चुनाव में अकाली-भाजपा की करारी हार को देखते हुये सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब में भय का माहौल पैदा करने पर उतर आये हैं और गहरी साजिश तहत आम आदमी पार्टी के नेताओं पर जानलेवा हमले करवाने की जमीन तैयार करनी शुरू कर दी, क्योंकि बादलों के लिये आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती बन गई है।वीरवार को चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस करते हुये आम आदमी पार्टी के लीगल सैल के प्रधान और एस.ए.एस नगर मोहाली से उम्मीदवार हिम्मत सिंह शेरगिल ने पंजाब के उपमुख्यमंत्री और अकाली दल (बादल) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल उस बयान को बेहद गंभीर और गहरी साजिश का हिस्सा बताया जिसमें सुखबीर बादल ने दावा किया है आई.एस.आई (पाक्सितानी खूफिया एजेंसी) पंजाब में नेताओं पर हमले करवा सकती है। ‘आप’ नेता ने कहा कि चुनाव के मौके राज्य के गृहमंत्री द्वारा इस तरह की प्रतिक्रिया व्यक्त करने का मतलब आम जनता के मन में दहशत पैदा करना है। इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि आई.एस.आई की आड़ में सुखबीर सिंह बादल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कनवीनर और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और उम्मीदवारों की हत्या करवाने की जमीन तैयार कर रहे हो। आम आदमी पार्टी मीडिया के माध्यम से यह बात पंजाब की जनता को बताना जरूरी समझती है।
इस मौके शेरगिल के साथ आम आदमी पार्टी के साहनेवाल से उम्मीदवार हरजोत सिंह बैंस, पायल से उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह लापरा, बलाचौर से उम्मीदवार बिग्रेडियर राज कुमार, बस्सी पठाना से उम्मीदवार संतोख सिंह सलाना और रूपनगर से प्रत्याशी अमरजीत सिंह मौजूद थे।हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि बतौर गृहमंत्री सुखबीर बादल की यह टिप्पणी बेहद गैर-जिम्मेदार है और इसमें गहरी साजिश की बू आ रही है। हिम्मत शेरिगल ने पूछा कि सुखबीर सिंह बादल बताएं कि उनके राज में किस नेता की की हत्या आई.एस.आई. ने की है और अब कौन-कौन नेता आई.एस.आई के निशाने पर हैं ? सुखबीर बादल यह भी बताएं संभावित हमलों संबंधी संबंधित नेताओं को सतर्क कर दिया गया है और उनकी सुरक्षा संबंधी क्या कदम उठाये हैं? एक सवाल के जबाव में हिम्मत सिंह शेरगिल ने स्पष्ट कर दिया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा नहीं चाहिये। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ही आम आदमी पार्टी के नेताओं की सुरक्षा कवच है। एक सवाल के जबाव में शेरगिल ने कहा, ‘हम गृहमंत्री सुखबीर सिंह बादल को रक्षक नहीं भक्षक मानते हैं, जिसने राज्य में कानून व्यवस्था को बर्बाद करके रख दिया है।’ हिम्मत सिंह शेरगिल ने कहा कि पंजाब को दहशत की आग में झौंकने के लिये जिम्मेदार गृहमंत्री सुखबीर सिंह बादल को अपनी कुर्सी पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।