जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री घनश्याम सर्राफ पीने के पानी को सड़कों पर बहाने की लापरवाही पर गांव तालू में तैनात एक बेलदार को सस्पेंड कर दिया। साथ ही मंत्री सर्राफ ने जींद के गांव निडाना के कुंए में हुए हादसे को लेकर अपने महकमें के अफसरों को जमकर फटकार लगाई और कहा कि अगर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था होती तो उनको बंद व जर्जर कुंए में न उतरना पड़ता। हालांकि मंत्री सर्राफ ने इस बारे में अभी अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की,लेकिन व्यवस्था नहीं सुधरी तो वहां के कुछ अफसरों पर गाज गिरना तय है। साथ ही मंत्री सर्राफ ने स्पष्ट कहा कि जिस अधिकारी के इलाके में पीने के पानी को लेकर आंदोलन होगा, उस इलाके के अधिकारी की ही जिम्मेदारी होगी।वह वीडियो क्रांफिसंग के जरिए विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि हर गली, मोहल्ले, गांव, कस्बों व शहर में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था करवाई जाए। जिस इलाके में पाइप लाइन से पानी की दिक्कत है उस इलाके में टैंकर से पानी भिजवाना सुनिश्चित करे। इसके बाद भी पानी की समस्या बनती है तो फिर उस इलाके के अधिकारी की लापरवाही मानी जाएगी जिस पर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
निडाना मामले में अफसरों को लगाई फटकार
मंत्री सर्राफ ने जींद के गांव निडाना के कुंए में हुए हादसे को लेकर पब्लिक हेल्थ के अफसरों की खिंचाई की। मंत्री सर्राफ ने कहा कि अगर वहां पर अफसर चुस्त होते और वह अपने कार्य के प्रति लापरवाह नहीं होते तो लोगों को पानी के लिए जर्जर कुओं का सहारा न लेना पड़ता। मंत्री सर्राफ ने जींद के पब्लिक हेल्थ के अफसरों को सख्त लहजे में कहा कि अगर अब इस तरह से किसी इलाके व गांव में पानी की समस्या बनती है तो उस इलाके के अफसर घर बैठने की पहले ही तैयार कर ले। पानी के मामले में किसी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
तालू में बेलदार सस्पेंड
मंत्री घनश्याम सर्राफ को जब गांव तालू में पानी की व्यर्थ बर्बादी की सूचना मिली तो तत्काल अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। जांच में कर्मचारी दोषी पाए जाने पर मंत्री सर्राफ ने बेलदार को तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश दिए। वीडियों कंाफ्रेसिंग में मंत्री सर्राफ ने कहा कि पानी की बर्बादी कतई बर्दाश्त नहीं होगी। तालू गांव के जलघर में तैनात बेलदार बुस्टर में नहरी पानी खोलकर अन्यंत्र चला गया। बाद में सारा पानी खेतों व गांव की गलियों में फैल गया। पानी वेस्टेज करने पर बेलदार को तत्काल सस्पेंड कर दिया गया।
फिल्टर मीडिया व बैड रखे दुरुस्त
मंत्री ने कहा कि हर गांव व इलाके में बने जलघरों के फिल्टर मीडिया को साफ रखे। जलघरों के बैड व उनको साफ व सूथरा रखे। ताकि उनमें स्टोरेज पानी को साफ व सूथरा रखा जा सके। अधिकारी समय-समय पर गांव व शहर स्थित जलघरों का निरीक्षण करें और वहां पर तैनात कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दे। इस मामले में कोई भी अधिकारी लापरवाही न बरते। जिस भी अधिकारी व कर्मचारी की लापरवाही मिली। वे खुद जिम्मेदार होंगे।
खुले नाले, ड्रेन व सीवरेज की तत्काल सफाई हो
बारिश का मौसम के मध्यनजर मंत्री सर्राफ ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाले ड्रेन, नाले व सीवरेज की सफाई कराए। अधिकारी इसी सप्ताह से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाना सुनिश्चित करे। अधिकारी अपने-अपने इलाके में जाकर नाले व डे्रेनों का निरीक्षण करें और शीघ्र उनकी सफाई शुरू करवाए।