जम्मू एवं कश्मीर राज्य के जम्मू में बुधवार को घने कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। लेह कस्बे में इस मौसम का सबसे न्यूनतम तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू में घना कोहरा होने की वजह से शहर में स्थित हवाईअड्डे के अधिकारियों को सुबह में आने-जाने वाली उड़ानों के समय में भी बदलाव करना पड़ा।जम्मू में सड़कों पर यातायात कछुए की रफ्तार से आगे बढ़ता दिखा और दृश्यता पांच मीटर से भी कम रही।मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "लेह कस्बे में बुधवार को इस मौसम का सबसे कम तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
करगिल कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"कहा गया, "जम्मू में रात्रि तापमान 5.6 डिग्री, कटरा में पांच डिग्री, बटोत में दो डिग्री, उधमपुर में 0.7 डिग्री व बनिहाल 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भदरवाह में शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"अधिकारी ने कहा, "कश्मीर घाटी में श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री, पहलगाम में 7.5 डिग्री व गुलमर्ग में शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"अधिकारी ने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।