दिल्ली के यातायात मंत्री गोपाल राय ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण और यातायात जाम की समस्या के समाधान में कंजेशन (भीड़भाड़) कर मदद कर सकता है। उन्होंने 22 नवंबर को दिल्ली में कार फ्री डे की तैयारी के मौके पर पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली में यातायात समस्या बेहद बढ़ गई है। राय ने कहा, "हमें इसके (कंजेशन कर) लिए योजना बनानी होगी। जागरूकता समाधान नहीं हो सकता। प्रवर्तन मददगार हो सकता है।"कंजेशन कर पर विचार करने वाली दिल्ली सरकार अकेली नहीं है। यह प्रणाली लंदन, मिलान, रोम सहित स्कैंडिनेवियाई देशों में सफल हो चुकी है। साल 2011 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस पर विचार किया था, लेकिन योजना का क्रियान्वयन नहीं हो पाया।