उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पंचायत चुनाव और बिहार चुनाव के समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल के संकेत दिए हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि बिहार चुनाव और उप्र पंचायत चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद कई मंत्रियों पर गाज गिर सकती है और कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है। राजभवन से जारी एक बयान में बताया गया है कि बुधवार को राज्यपाल राम नाईक से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर चर्चा भी की।
इससे पूर्व मंगलवार को अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, "बिहार चुनाव तक तो इंतजार कर लीजिए।" गौरतलब है कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव भी पहले कई बार कह चुके हैं कि यूपी के तमाम मंत्री ठीक से कामकाज नहीं कर रहे हैं। मुलायम ने तो सार्वजनिक तौर पर अखिलेश से यह तक कहा था कि वह 'चरण वंदना' करने वालों को पहचानें और उनसे दूरी बनाएं।उप्र में विधानसभा की संख्या के आधार पर 59 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
फिलहाल 26 कैबिनेट, 24 राज्यमंत्री और स्वतंत्र प्रभार के चार मंत्रियों समेत अखिलेश सरकार के कुनबे में 54 मंत्री हैं।सपा के रणनीतिकारों की मानें तो आठ नवंबर को बिहार चुनाव का नतीजा आ जाएगा। उससे पहले सूबे में जिला और क्षेत्र पंचायत चुनावों के नतीजे भी घोषित हो जाएंगे। ये सारे नतीजे बता देंगे कि किस मंत्री की अपने क्षेत्र में कितनी पैठ है या बिहार में सपा को दमदार बनाने के लिए कितना काम किया गया है। सारे नतीजे ये भी बता देंगे कि जनता में उनकी पैठ कितनी है।