पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज समस्त पंजाबियों को दस गुरू साहिबान की जीवंत एवं जागत जोत श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी से सेध और शक्ति लेकर राज्य में अमन और आपसी भाईचारक सांझ के वातावरण को हर स्थिति में कायम रखने की पुरजोर अपील की है।आज समस्त पंजाबियों के नाम दूरदर्शन पर एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा 'मैं एक ऐसी दुखदायी घड़ी पर आप जी को संबोधित हो रहा हूं, जब प्रत्येक पंजाबी का मन गहरी पीड़ा और गम, गुस्से से भरा हुआ है।बादल ने कहा कि समूची मानवता के लिए रूहानियत, शांति तथा भाईचारक सांझ के अनंत और असीम स्त्रोत, श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी समस्त मानवता के मनों, आत्माओं और हृदयों में शरीरों में प्राण की तरह वास करते हैं।बादल ने कहा कि गत् कुछ दिनों से समूची मानवता एवं विशेषकर समूह सिक्ख संगतों को अपने प्राणों से भी प्यारे पावन श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी के पवित्र अंगों की बेअदबी की गलत कार्रवाईयां की गई, जिनसे समूचे देश और विश्वभर में बसते समूह नानक नाम लेने वाले प्राणियों के हृदय को चोट पहुंची है।
फरीदकोट जिले के गांव बरगाड़ी, तरनतारन जिले के गांव बाठ, फिरोज़पुर जिले के गांव नाजूशाह मिशरी, संगरूर जिले के गांव कोहरियां सहित पंजाब के कुछ स्थानों पर हुई यह घिनौनी और नामाफ किये जाने योग्य घटनायें एक गहरी, सोची-समझी और खतरनाक साजिश का हिस्सा हैं। इसका स्पष्ट सबूत इस बात से मिलता है कि यह घटनायें एक लड़ीवार सिलसिले तहत, एक ही समय और एक ही ढंग तरीके से करवाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साजिश के पीछे अकेला मकसद शांत बसते पंजाब और पंजाबियों को पुन: घृणा और हिंसा की आग की लपटों में घकेलना और पंजाब में बेशुमार कुर्बानियां देकर स्थापित किये गये अमन और मैत्रीपूर्ण सांझ के वातावरण से खिलवाड़ करना है। परंतु समस्त पंजाबियों, सिक्ख संगतों और अकाली-भाजपा सरकार द्वारा अमन और भाईचारक सांझ पर मिलकर और डटकर पहरा देने के साथ इन पंजाब और अमन के दुशमन तत्वों को हमेशा मुंह की खानी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि अपनी इस मायूसी अधीन अब यह तत्व पावन श्री गुरू ग्रंथ साहिब जी को भी अपनी साजिशों का निशाना बनाने पर भी उतारू हो गये हैं। ऐसा करके वह सीधा गुरू घर से ही माथा लगाने का वज्र पाप करने के भागीदार बन गये हैं और उनके इन पापों को अकाल पुरख कभी भी माफ नही करेंगे।उन्होंने पुन: दोहराया कि पंजाब सरकार शांति और भाईचारक सांझ के वातावरण को बिगाडऩे की साजिशों का पर्दाफाश करने तथा इस साजिश के लिए आरोपी तत्वों को कठोर से कठोर सजा दिलाने के लिए वचनबद्ध तथा दृढ है।धार्मिक बेअदबी के वज्र पाप के लिए किसी भी आरोपी को कतई ना बख्शे जाने का समूह पंजाबियों को भरोसा दिलाते हुये स. बादल ने कहा कि आरोपियों के विरूद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी ताकि कोई भी शरारती तत्व ऐसी गलत कार्रवाई करने की हिम्मत ना कर सके।
साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब में संपूर्ण अमन और भाईचारक सांझ के वातावरण को हर कीमत पर स्थापित रखा जायेगा और किसी को भी अमन और कानून से खिलवाड़ करने की आज्ञा नही दी जायेगी।अंत में स. बादल ने समस्त पंजाबियों को अपील करते हुये धार्मिक बेअदबी की साजिशों द्वारा पंजाबियों और पंजाब के अमन से खिलवाड़ करने वाले तत्वों विरूद्ध पूर्ण सतर्कता इस्तेमाल के साथ-साथ राज्य में समूह धार्मिक स्थानों पर 24 घंटे दृढता से पहरा देने के लिए कहा।