फिल्म मेकर पंकज बत्रा तैयार हैं अपनी अगली पंजाबी फिल्म 'दिलदारियां के साथ जो ९अक्टूबर हर तरफ रिलीज होगी। इस मजेदार और उत्सुक करने वाले लव स्टोरी में नजर आएंगे जस्सी गिल, सागरिका घाटगे, बीनू ढिल्लों, गुगू गिल और करमजीत अनमोल। वीरवार को फिल्म की टीम एकत्रित हुई सेक्टर-35 स्थित होटल जेडब्ल्यू मैरियट में जहां पंकज बत्रा द्वारा निर्देशित इस फिल्म पर मीडिया से बातचीत हुई।बटैलियन एंटरटेनमेंट और युविका फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता हैं मोंटी शूर, राकेश ठक्कर, अमरिंदर महल और इसे को-प्रोड्यूस किया है रवि लूथरा, अश्वनी निश्चल और शूर ब्रदर्स ने। कहानी लिखी है जगदीप सिंह सिद्धू ने। फिल्म का संगीत दिया है जतिंदर शाह ने और गानों के बोल लिखे हैं बाबू सिंह मान, हैपी रायकोटी और मनिंदर काले ने। फिल्म का म्यूजिक स्पीड रिकॉड्र्स पर रिलीज किया गया है।
इस मौके पर जस्सी गिल ने कहा, 'फिल्म एक हल्की-फुल्की कॉमेडी है जिसे हर दर्शक खूब पसंद करेगा। विजुअल तौर पर फिल्म बेहद खूबसूरत है और पंकज सर ने बेहतरीन तरीके से इसे डायरेक्ट किया है।पंजाबी सिनेमा में शुरुआत कर रहीं एक्ट्रेस सागरिका घाटगे काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने कहा, 'यह फिल्म करना बेहद मजेदार और यादगार रहा। रुटीन पंजाबी फिल्मों से कुछ हटके है यह फिल्म और हर किरदार को बखूबी स्क्रीन पर दर्शाया गया है। ऑडियंस को बीनू जी का काम बहुत पसंद आने वाला है।निर्देशक पंकज बत्रा पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे अनुभवी लोगों में से हैं और एक बार फिर वह अलग पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'यह कहानी हर उस व्यक्ति से ताल्लुक रखती है जिसने अपनी जिंदगी में कभी न कभी किसी से प्यार किया है। हर दर्शक को लगेगा जैसे उसी की कहानी परदे पर दिखाई जा रही है।फिल्म को प्रमोट करने के लिए इस मौके पर बब्बल राय भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा, 'जस्सी मेरा करीबी दोस्त है और इस फिल्म को देखने के लिए मैं बेताब हूं। मुझे यकीन है बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म धमाल करेगी और हर किसी की सराहना की हकदार बनेगी।