केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने यहां रविवार को बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रस्ताव पर बिलासपुर और मनेंद्रगढ़ में कैंसर अनुसंधान संस्थान शुरू करने के लिए 195 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।बिलासपुर में राज्यस्तरीय कैंसर अनुसंधान संस्थान के लिए 150 करोड़ रुपये और कोरिया जिले के मनेंद्रगढ़ में टर्शरी कैंसर अनुसंधान संस्थान के लिए 45 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही राजनांदगांव स्थित मेडिकल कॉलेज के विकास के लिए भी 14 करोड़ रुपये दिए गए हैं। नड्डा ने मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह की अध्यक्षता में राजधानी रायपुर के कमल विहार आवासीय परियोजना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल का शुभारंभ किया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, रायपुर के लोकसभा सांसद रमेश बैस, गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर, कृषिमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, विवेकानंद आश्रम के स्वामी जी सत्यरूपानंद महाराज और महापौर प्रमोद दुबे उपस्थित थे।