भारत, पाकिस्तान के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारी गोलीबारी
Web Admin
5 Dariya News
जम्मू , 16 Jul 2015
Last updated on: Jul 16, 2015, 00:00 IST
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शुक्रवार को जम्मू दौरे से एक दिन पहले गुरुवार को यहां अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर भारत एवं पाकिस्तान के बीच भारी गोलीबारी हो रही है। एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) एवं पाकिस्तान रेंजर्स के सैनिकों के बीच सुबह से ही भारी गोलीबारी हो रही है।"जम्मू जिले के आर. एस. पुरा सेक्टर में बीएसएफ की अबुलियां, ट्यूबवेल संख्या पांच, काठमारिना, कोरोटाना और सांगराल चौकियों को निशाना बनाया जा रहा है।अधिकारी ने बताया, "हमारी तरफ अब तक कोई हताहत नहीं हुआ है।"जम्मू एवं कश्मीर के अखनूर सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बुधवार को भी पाकिस्तान रेंजर्स ने गोलीबारी की, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो सैनिक और दो आम नागरिक शामिल हैं।अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास बसे गांवों के लोग काफी घबराए हुए हैं। उन्होंने संवाददाताओं को अपने मकानों की दीवारों पर गोलियों के निशान और छेद दिखाए, जो पाकिस्तान की तरफ से की जा रही गोलीबारी से बने हैं। भारत एवं पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों द्वारा एक संयुक्त बयान में दोनों देशों के बीच शांति स्थापित करने के प्रयास का वचन दिए जाने के बाद से पाकिस्तान की तरफ से अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर लगातार गोलीबारी की जा रही है।