भारी बर्फबारी के कारण कुल्लू जिला में अवरूद्ध हुई सड़कों तथा विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के लिए जिला प्रशासन व संबंधित विभाग युद्ध स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने बताया कि पर्यटन नगरी मनाली के लिए लैफट व राइट बैंक के दोनों मुख्य सड़क मार्गों को बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को भी जल्द बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। एडीएम ने बताया कि रोहतांग मार्ग पर मढ़ी के पास फंसे पांच लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिले में विद्युत आपूर्ति को भी जल्द बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। एडीएम ने बताया कि कुल्लू शहर सहित जिले के अधिकतर इलाकों में पेयजल आपूर्ति सुचारू है। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से सभी प्रबंध किए जा रहे हैं।