राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की रक्षा के लिए नौसेना के समर्पण की सराहना की। 43वें नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना के जवानों तथा उनके परिवारों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि वर्तमान भौगोलिक रणनीति ने देश के समुद्री हितों की रक्षा के मद्देनजर भारतीय नौसेना की भूमिका तथा जिम्मेदारियों में इजाफा किया है। उन्होंने कहा, "यह वास्तव में पूरे देश के लिए बेहद गर्व तथा भरोसे की बात है कि नौसेना के सैनिक तथा असैन्य कर्मी पूरी शिद्दत तथा समर्पण के साथ देश के लिए सेवारत हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने सीमा पर निरंतर चौकसी को बरकरार रखा है।"
राष्ट्रपति ने कहा मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि भारतीय नौसेना समुद्री व्यापार तथा अंतर्राष्ट्रीय समुद्री मार्गो की सुरक्षा की सुनिश्चितता को बरकरार रखेगी, जिससे देश का विकास तथा हमारे विशाल समुद्र तट की रक्षा होगी, साथ ही यह क्षेत्रीय शांति तथा स्थिरता में भी योगदान करेगा।वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में लिखा, "नौसेना दिवस पर मैं हमारे नौसेना के जवानों को और मातृभूमि की रक्षा के लिए उनके अजेय आत्मबल एवं कर्तव्य निष्ठा को सलाम करता हूं।"मोदी ने आगे लिखा, "हमारे नौसेना के जवानों का दृढ़ समर्पण और शौर्य हमारे राष्ट्र की अद्वितीय संपत्ति है।"